Share Market Today: शेयर बाजार में मुनाफावसूली का असर, शुरुआती कारोबार में 460 अंक टूटा सेंसेक्स; निफ्टी भी फिसला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

तीन कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों ने की बिकवाली, अक्टूबर में खुदरा महंगाई 6.09% पहुंचने से आरबीआई के ब्याज दर बढ़ाने की आशंका भी बढ़ी

घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 460 अंक टूटा, जबकि निफ्टी 179 अंक फिसला। मुनाफावसूली और बढ़ती महंगाई से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

मुंबईः घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार, 13 नवंबर को शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट देखने को मिली। बीते तीन कारोबारी सत्रों से जारी तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी। वहीं, अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पहुंचने से भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से अगले महीने नीतिगत ब्याज दर बढ़ाए जाने की आशंका ने भी बाजार की धारणा प्रभावित की।

शुरुआती कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 460 अंक टूटकर 81,441.17 के स्तर पर आ गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी 179.05 अंक गिरकर 25,119.50 पर कारोबार करता दिखा।

महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और बजाज फिनसर्व के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे।

वहीं, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एचसीएल टेक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में तेजी रही। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं जबकि जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहा। अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

कच्चे तेल की कीमत में भी गिरावट

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव 0.44 प्रतिशत फिसलकर 95.40 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 7,830.60 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 31.61 अंक और निफ्टी 44.30 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

यह भी पढ़ेंः Retail Inflation Rate : भारत में खुदरा महंगाई दर 6 प्रतिशत के पार; प्याज, लहसुन और अदरक हुआ महंगा

संबंधित समाचार