संपादकीय : कसौटी पर सुधार
जीएसटी में छूट से लेकर क्रेडिट कार्ड के महंगे शुल्क तक, पढ़ें नए नियमों और आर्थिक सुधारों का सटीक विश्लेषण
1 नवंबर से लागू हुए जीएसटी, क्रेडिट कार्ड शुल्क, गैस सिलेंडर और डिजिटल नियमों का आपकी जेब पर क्या असर होगा? पढ़ें विशेष संपादकीय।
पहली नवंबर से लागू हुए वित्तीय और तकनीकी बदलाव महज कागजी नियम या शुल्कों में मामूली फेरबदल नहीं, बल्कि उस सुगठित प्रशासनिक इच्छा शक्ति का परिचायक हैं, जो व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, डिजिटल और जवाबदेह बनाना चाहती है। जीएसटी पंजीकरण के सरलीकरण से लेकर पेंशन भोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र, म्यूचुअल फंड्स में डायरेक्ट प्लान के प्रावधान और कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन जैसी तकनीक तक, इन सभी परिवर्तनों की दिशा स्पष्ट है, किंतु इन सुधारों का प्रभाव द्विमुखी है, जहां एक ओर कुछ मोर्चों पर नागरिक जीवन सुगम हुआ है, वहीं दूसरी ओर कुछ वित्तीय निर्णयों ने आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त भार भी डाला है।
जीएसटी के मोर्चे पर उठाया गया कदम छोटे व्यापारियों और ई-कॉमर्स विक्रेताओं के लिए एक दीर्घकालिक वरदान सिद्ध हो सकता है। लगभग दस लाख छोटे विक्रेताओं को बिना अलग कार्यालय खोले गोदाम को ही प्रमुख व्यावसायिक स्थल घोषित करने की छूट मिलना, कागजी औपचारिकताओं को न्यूनतम करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। इसी प्रकार, सेबी द्वारा म्यूचुअल फंड्स के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डायरेक्ट प्लान को 'डिफॉल्ट' विकल्प बनाना एक सराहनीय पहल है। कम एक्सपेंस रेशियो के कारण दीर्घकाल में निवेशकों का शुद्ध प्रतिफल बढ़ेगा, हालांकि इसमें निवेश संबंधी निर्णय की पूरी जिम्मेदारी निवेशक की अपनी होगी।
इसके विपरीत, पंजाब नेशनल बैंक द्वारा क्रेडिट कार्ड के शुल्कों में की गई वृद्धि मध्यम वर्ग और आम नागरिकों के लिए किंचित निराशाजनक है। नकद निकासी, यूटिलिटी भुगतानों और विलंबित भुगतानों पर कड़े शुल्क थोपना ग्राहकों को अनुशासित करने के नाम पर वित्तीय बोझ बढ़ाने जैसा है। कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन तकनीक साइबर धोखाधड़ी पर नकेल कसने का प्रभावी अस्त्र तो है, परंतु इसकी अपनी व्यावहारिक सीमाएं हैं। टेलीकॉम ऑपरेटरों के डेटा पर आधारित होने के कारण फर्जी दस्तावेजों या पुराने कनेक्शनों से जुड़े नाम, तथा 2जी-3जी नेटवर्क का इस दायरे से बाहर होना इस व्यवस्था की प्रभावशीलता को सीमित करता है। साथ ही, निजता की सुरक्षा भी एक गंभीर प्रश्न है। इसके अतिरिक्त, एलपीजी के मोर्चे पर व्यावसायिक सिलेंडरों के दाम बढ़ना अंततः होटल और खानपान सेवाओं के जरिए आम उपभोक्ता की थाली को ही महंगा करेगा।
बुजुर्गों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र और फेस ऑथेंटिकेशन जैसी तकनीकें मील का पत्थर साबित हो रही हैं, बशर्ते तकनीकविहीन वर्ग के लिए सुगम वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी साथ-साथ सुनिश्चित की जाएं। बेशक, इन सुधारों का मूल उद्देश्य व्यवस्था को सुगम बनाना है, परंतु किसी भी नीति की सफलता इस बात पर निर्भर नहीं करती कि कितने नए नियम गढ़े गए, बल्कि इस पर निर्भर करती है कि उससे आम नागरिक का समय, श्रम और धन कितना बचा है। डिजिटल भारत का वास्तविक अर्थ केवल सेवाओं को ऑनलाइन करना नहीं, बल्कि हर वर्ग के लिए उन्हें सुरक्षित, सुलभ और न्यायसंगत बनाना है। यही इन नए नियमों की एकमात्र और अंतिम कसौटी होनी चाहिए।
