चांदी को सोने में बदलें

Amrit Vichar Network
Edited By Arpit Shukla
On

एशियाई खेलों में 85 पदकों के साथ भारत का चौथा स्थान उत्साहजनक है, किंतु 27 रजत पदकों का आना और स्वर्ण की कम संख्या गहरी रणनीतिक और खेल-वैज्ञानिक समीक्षा की मांग करती है।

एशियाई खेलों का समापन भारत के लिए उपलब्धि और आत्ममंथन दोनों का अवसर छोड़ गया। 85 पदक लेकर भारत चौथे स्थान पर रहने को न तो विफलता कहा जा सकता है, न बहुत संतोषजनक। यह भारत का एशियाई खेलों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है, लेकिन 2022 हांगझोउ में जीते 107 पदकों और 28 स्वर्ण के मुकाबले गिरावट सवाल उठाती है। आखिरी दिनों में मिले क्रिकेट, कबड्डी और पुरुष तथा महिला हॉकी में स्वर्ण पदकों ने भारत को चौथे स्थान पर सुरक्षित किया। अंतिम स्वर्ण-वर्षा नहीं होती तो पदक तालिका में हमारी स्थिति निश्चित रूप से कमजोर होती। 

इस बार सबसे उत्साहजनक संदेश भारतीय महिलाओं ने दिया। महिलाओं के हिस्से में 11 स्वर्ण आए, जबकि पुरुषों के सात। यह बदलाव केवल पदकों का नहीं, भारतीय खेल संस्कृति में बदलती सामाजिक स्वीकृति, बेहतर प्रशिक्षण और महिला खिलाड़ियों के बढ़ते आत्मविश्वास का संकेत है, लेकिन असली सवाल स्वर्ण का है। भारत ने 27 रजत जीते। यही आंकड़ा हमारी कमजोरी का सबसे स्पष्ट आईना है। एथलेटिक्स में 24 पदक मिले, पर स्वर्ण केवल एक; शूटिंग में 15 पदक आए, मगर स्वर्ण तीन। हांगझोउ में शूटिंग ने 22 और एथलेटिक्स ने 29 पदक दिए थे। अर्थात समस्या प्रतिभा की कमी नहीं, पोडियम के सर्वोच्च पायदान पर पहुंचने की क्षमता की है। शूटिंग में अंतिम क्षणों की मानसिक मजबूती और तकनीकी स्थिरता, एथलेटिक्स में निर्णायक स्पर्धाओं की गुणवत्ता, टेनिस में नई पीढ़ी का अभाव और भारोत्तोलन में लंबे समय से चली आ रही संरचनात्मक कमजोरी सोना चूकने की वजहें हो सकती हैं। 

टीम खेलों की सफलता बताती है कि जहां चयन, सामूहिक तैयारी, रणनीति और वर्षों की निरंतरता मिली, वहां भारत विश्वसनीय प्रदर्शन कर सकता है। अब यही संस्कृति व्यक्तिगत खेलों में चाहिए। चीन ने 341, जापान ने 269 और दक्षिण कोरिया ने 150 पदक जीते। चीन से तुलना केवल जनसंख्या के आधार पर करना पर्याप्त नहीं है। चीन ने 169 स्वर्ण जीते, जापान ने 83 और दक्षिण कोरिया ने 39; भारत 21 पर रहा। इन देशों ने अधिक खेलों में पदक की संभावनाएं विकसित की हैं। भारत को तीरंदाजी, मुक्केबाजी, कुश्ती, शूटिंग और हॉकी के साथ बैडमिंटन, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन, तैराकी, साइकिलिंग, जिम्नास्टिक्स, टेनिस, तलवारबाजी, रोइंग और एथलेटिक्स की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में दीर्घकालिक निवेश बढ़ाना होगा।

2030 दोहा के लिए लक्ष्य केवल '100 पदक' नहीं होना चाहिए। लक्ष्य होना चाहिए— अधिक स्वर्ण, अधिक व्यक्तिगत चैंपियन, रजत को सोने में बदलने की संभावनाएं। प्रत्येक रजत का वैज्ञानिक विश्लेषण हो कि स्वर्ण क्यों नहीं मिला—तकनीक, फिटनेस, रणनीति, मनोविज्ञान या अंतिम क्षण का निर्णय। खेल विज्ञान को केवल शिविर की सुविधा नहीं, प्रशिक्षण की रीढ़ बनाया जाए। आइची-नागोया ने भारत को बताया है कि हम पदक जीतना सीख चुके हैं; अब हमें पदक का रंग बदलना सीखना है। यही अगली छलांग होगी—और यही 2030 की असली कसौटी भी।