सामयिकी : बचपन को चाहिए परवरिश, मिल रही निगरानी
अंकों की दौड़ में पीछे छूटता अच्छा इंसान; स्कूलों में बढ़ती हिंसा और बाल सुरक्षा पर पढ़ें आज का विशेष लेख
बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति, स्कूल सुरक्षा और परवरिश की कमी पर शिक्षिका कृति जैन का विशेष लेख पढ़ें।
हम बच्चों के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित रहते हैं। जन्म लेते ही अच्छे स्कूल की तलाश शुरू हो जाती है। फिर कोचिंग, प्रतियोगिता और करियर की दौड़ जुड़ जाती है। मगर इस पूरी कवायद में एक जरूरी सवाल पीछे छूट जाता है— बच्चा अच्छा इंसान भी बन रहा है या नहीं? पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में आठ साल के बच्चे ने छह साल की मासूम बच्ची पर ईंट और गमले से हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी में कैद हुई तो समाज की नींद खुली। टीवी पर बहसें छिड़ गईं और अखबार चिंता जताने लगे, लेकिन सवाल है कि इतनी कम उम्र में बच्चे के भीतर इतनी हिंसा आई कहां से? किसने उसके मन में यह सोच भरी कि किसी को चोट पहुंचाना ताकत है? और हम अब तक क्या करते रहे?
घटना सामने आते ही स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था कठघरे में आ गई। कैमरे लगे थे, लेकिन निगरानी कौन कर रहा था? कर्मचारी कितने थे और बच्चों की सुरक्षा का जिम्मा किस पर था? प्रशासन कहां चूका? सवाल जरूरी हैं, लेकिन हर बड़ी घटना के बाद हम एक दोषी खोजकर बाकी सबको बरी कर देते हैं। स्कूल पर कार्रवाई होगी, अधिकारी निलंबित होगा, जांच समिति रिपोर्ट देगी और फिर मामला अगली खबर के नीचे दब जाएगा। मगर उन स्कूलों का क्या, जहां रोज धमकियां और मारपीट होती हैं? वहां न फुटेज सामने आती है, न बहस छिड़ती है। परिवार भी कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं— बच्चे हैं, लड़ते रहते हैं। जब तक खून न बहे, हम हिंसा को शरारत मानकर अनदेखा करते रहते हैं।
विद्यालयों में अनुशासन का अर्थ चुपचाप बैठना और आदेश मानना रह गया है। शिक्षक पाठ्यक्रम, प्रबंधन परीक्षा परिणाम और अभिभावक अंकों की दौड़ में जुटे हैं। इस बीच बच्चे का मन अनदेखा रह जाता है। कोई बच्चा धमकाता है, मारता है या प्रताड़ना झेलता है, तो इसे सामान्य झगड़ा मानकर टाल दिया जाता है। शिक्षक पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन बच्चे की मनःस्थिति नहीं समझ पाते। अच्छे अंक लाने वाला प्रतिभाशाली कहलाता है, पर अच्छे व्यवहार को कितनी अहमियत मिलती है? हम गणित के सवाल हल करना सिखाते हैं, गुस्से पर काबू पाना नहीं; आगे बढ़ना सिखाते हैं, हार स्वीकार करना नहीं। फिर बच्चों के व्यवहार पर हैरान होते हैं।
समस्या केवल हिंसा करने वाले बच्चों की नहीं, उसे चुपचाप सहने वालों की भी है। कितने माता-पिता जानते हैं कि उनका बच्चा स्कूल में डर के कारण खामोश रहता है? कितने शिक्षक रोज अपमान झेलने वाले बच्चे की पीड़ा पहचानते हैं? गांवों और छोटे शहरों में कई घटनाएं बदनामी या समझौते के नाम पर दबा दी जाती हैं। पीड़ित को ही चुप करा दिया जाता है। परिवार की इज्जत बच जाती है, लेकिन बच्चे का आत्मविश्वास टूट जाता है। दूसरी ओर, हिंसा करने वाले बच्चे को लगता है कि थोड़े शोर के बाद सब सामान्य हो जाएगा। इससे समस्या और गहरी होती है। ऐसे बच्चे की जवाबदेही तय करने के साथ उसके व्यवहार के कारण समझकर सुधार की व्यवस्था भी जरूरी है।
सरकारों का रवैया भी जाना-पहचाना है। घटना होते ही बाल अधिकार आयोग संज्ञान लेता है, शिक्षा विभाग रिपोर्ट मांगता है, पुलिस जांच करती है और अधिकारी बैठकें बुलाते हैं। फिर कैमरे लगाने, सुरक्षा बढ़ाने और काउंसलिंग के निर्देश जारी होते हैं। सुरक्षा का उद्देश्य सबूत जुटाना नहीं, घटना रोकना है।
( ये लेखक के निजी विचार हैं। )
