हिंदी मीडिया में विज्ञान लेखन में दिखती है रुचि की कमी
अंग्रेजों ने भारतीय भाषाओं के लिए एक शब्द 'वर्नाक्युलर' गढ़ा और इसका खूब इस्तेमाल किया। अंग्रेज़ी शब्द वर्नाक्युलर लगभग 1600 ईस्वी में भाषा में आया; इसका मूल अर्थ था किसी देश का अपना या देसी। यह लैटिन शब्द वर्नाक्युलस से लिया गया है, जिसका अर्थ था घरेलू या देसी– खासकर घर में पैदा हुए गुलामों के संदर्भ में। यह लैटिन विशेषण वरना से बना है, जिसका अर्थ है घर में पैदा हुआ गुलाम। यह शब्द संभवतः एट्रस्कैन मूल का है। अंग्रेजों ने राजनीतिक रूप से गुलाम लोगों के लिए इस शब्द का इस्तेमाल करना शुरू किया था, लेकिन इसका प्रयोग अभी जारी है। इसके बजाय हमें भारतीय भाषा अथवा भाषा नाम जैसे कि तमिल मराठी या हरियाणी इस्तेमाल करने चाहिए।
कुछ वर्षों के समय को छोड़कर या छिटपुट उदाहरणों को छोड़ दें तो हिंदी भाषा के प्रिंट मीडिया में भी आसान/सरल भाषा में विज्ञान के विषयों के प्रति खास मोह नहीं दिखता है। इस भाषा में विज्ञान के विषयों की ज्यादातर प्रकाशन सामग्री विज्ञान के बारे में कम और इसके समाज विषयक, आर्थिक, पॉलिटिकल और रोमांचक विषयों के इर्द-गिर्द किए जाने वाले जिक्र पर अधिक केंद्रित रहती है। यह जरूरी भी है, लेकिन लेख सामग्री को सिर्फ इन्हीं की चाशनी में सराबोर करने से विज्ञान की असल प्रक्रियाओं और इसके असर को नहीं समझा जा सकता, खासतौर से विज्ञान के एक क्षेत्र में होने वाली रिसर्च जिस तरह से आगे की दशा तय करती है और अनेक धाराओं में प्रकट होती है, उसका जिक्र नहीं होता।
अभिप्रायः यह कि भारतीय भाषाओं और हिंदी भाषा में विज्ञान के इतिहास और एक विषय के लेख में ऐतिहासिक संदर्भों के आधार पर बहुत कम लेख तैयार होते हों। विशुद्ध या टेक्स्ट बुकिश लेख सामग्री को बढ़ाने की मंशा से नहीं, बल्कि सामयिक तौर से जो हो रहा है। उस पर फोकस करने से पहले ऐतिहासिक परिदृश्य को तैयार करना जरूरी होता है, ताकि इससे जुड़े हुए निहितार्थ अधिक स्पष्टता से प्रस्तुत हों सकें और भविष्य में वैज्ञानिक शोध और सोच को बढ़ाने के लिए इसकी भूमिका को रेखांकित किया जाए, लेकिन देखा गया है कि लेख प्रकाशन के अनेक अवसरों पर तात्कालिक प्रवृत्ति अधिक हावी है। स्पेस कम है तो बड़े लेख को दो-तीन किस्तों में पूरे परिदृश्य को पेश करने की प्रवृत्ति नदारद है। हिंदी भाषा में विज्ञान संबंधित जानकारी कम्यूनिकेट करने में दक्ष, पूरी एक पीढ़ी, जिसका विकास सन 1975-1995 के बीच हुआ, वह अब बूढ़ी हो चुकी है और पूरी तरह से उपेक्षित कर दी गई है।
एक कारण यह भी है कि हिंदी भाषायी मीडिया में प्रकाशनगृहों में एडिटोरियल डिपार्टमेंट्स में प्रकाशन सामग्री के चुनाव के लिए निर्णायकों की नई पीढ़ी ने कमान संभाल ली है। दूसरा कारण है किसी भी प्रकाशन के एडिटोरियल विभाग में साइंस एडिटर्स का लगभग न होना। प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया पीटीआई के अलावा किसी भी अन्य भारतीय न्यूज़ एजेंसी में साइंस रिपोर्टिंग सेक्शन नहीं हैं। अन्य एजेंसीज या हिंदी भाषा के लिए न्यूज़ एजेंसीज या तो नगण्य हैं, या आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं।
कुछ एजेंसीज में ज्यादातर सामग्री फॉरेन बेस्ड न्यूज़ एजेंसीज से साइंस न्यूज़ एंड फीचर्स लिफ्ट की जाती है और थोड़ा बहुत देखकर या इनका इंडियनायिज़ेशन करके आगे सरका दी जाती है। विज्ञान के सोशल, इकॉनोमिक और पॉलिटिकल निहितार्थ गहरे हो चुके हैं, लेकिन इन्हें भारत संदर्भ में चर्चा करने और सही परिप्रेक्ष्य में भारतीय पाठकों के लिए पेश करने के लिए साइंस और टेक्नोलॉजी से संबंध एक ही क्षेत्र की गतिविधियों की पिछले तीस साल अथवा इतिहास की गहरी जानकारी होना एक पूर्व-अपेक्षित अवस्था है, जिसकी आवश्यकता को ज्यादातर नवलेखक महसूस नहीं करते।
