विशेष लेख : अपराध जगत में महिलाओं की शिरकत चिंताजनक

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

हथियार सप्लाई से लेकर मर्डर तक; टाइगर श्रॉफ और लखनऊ कांड ने खोली महिला अपराधियों की पोल

अपराध की दुनिया में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज और कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन गई है।

आज आलम ये है कि अब बड़े-बड़े अपराधों पर पुरुषों का ही आधिपत्य नहीं रहा है, बल्कि इस क्षेत्र में अब महिलाएं भी बड़ी तादाद में हाथ आजमाने लगी हैं दोनों ही स्तरों पर ये स्थिति चिंताजनक है।

हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों से आई आपराधिक घटनाओं ने एक नए और भयावह ट्रेंड की ओर इशारा किया है। पारंपरिक रूप से पुरुष-प्रधान माने जाने वाले अपराध जगत में अब महिलाओं की सक्रिय भागीदारी तेजी से बढ़ रही है, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए घातक संकेत है। संगठित अपराधों, मादक पदार्थों की तस्करी, रंगदारी और यहां तक कि सुपारी देकर हत्या जैसे संगीन मामलों में महिलाओं के नाम सामने आना सिर्फ कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती नहीं है, बल्कि यह हमारे बिखरते सामाजिक ताने-बाने का भी आइना है।

18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने न सिर्फ मायानगरी बल्कि देश की कानून व्यवस्था को हिलाकर रख दिया। इस सुनियोजित हमले में टाइगर श्रॉफ भले ही बाल-बाल बच गए, लेकिन दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई पुलिस की संयुक्त जांच में जो परतें खुली हैं, वे समाज के लिए एक अत्यंत चिंताजनक और घातक संकेत हैं। मामले में शूटरों को अत्याधुनिक हथियार सप्लाई करने के आरोप में उत्तर प्रदेश के सीतापुर और आजमगढ़ की दो युवतियों राधा और बबीता की गिरफ्तारी ने संगठित अपराध में महिलाओं की बदलती और सक्रिय भूमिका को उजागर किया है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े इस मॉड्यूल ने दिल्ली से मुंबई तक हथियार पहुंचाने के लिए जिस तरह 'लेडी कूरियर' का इस्तेमाल किया, वह सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती है। 

सामान्यतः रेलवे स्टेशनों या सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा जांच के दौरान महिलाओं पर इतनी जल्दी संदेह नहीं किया जाता। इसी सामाजिक धारणा और सुरक्षा चूक का फायदा उठाकर इन महिलाओं ने अपने बैग में पिस्तौल और कारतूस छुपाकर ट्रेन के जरिए मुंबई तक पहुंचा दिया। हाल में ही लखनऊ के नौ अक्टूबर को हुई करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ को करीब 11 दिनों तक चकमा देने के बाद 20 अक्टूबर को नागपुर से गिरफ्तार हुई। इस बीच पुलिस उसकी तलाश में नेपाल तक खाक छानती रही, गिरफ्तारी के बाद अब उसके भी कई आपराधिक मामलों का खुलासा होने की संभावना है। 
ये कहना गलत नहीं होगा कि आज आलम ये है कि अब बड़े-बड़े अपराधों पर पुरुषों का ही आधिपत्य नहीं रहा, बल्कि इस क्षेत्र में अब महिलाएं भी बड़ी तादाद में हाथ आजमाने लगी हैं। कभी चंबल के बीहड़ों में फूलनदेवी, सीमा परिहार जैसी दस्यु सुंदरियां सहित कुछ गिनी-चुनी महिलाएं ही अपराध में शामिल होती थीं, लेकिन बीते कुछ सालों में आपराधिक दुनिया में महिलाओं की संख्या भी बड़ी तेजी से बढ़ी है। आज के इस आधुनिक दौर में महिलाएं अब अपराध की दुनिया में मर्दों का मुकाबला करने में पीछे नहीं हैं। आंकड़ों की नजर से देखें तो अपराध जगत में अपराधी महिलाओं की संख्या कम नहीं है। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और तमाम सारे महानगरों की अपेक्षा छोटे-छोटे शहरों में भी अब महिलाएं तेजी से अपराध जगत में पैर पसारने लगी हैं। 

नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के कुछ पुराने आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र की 90,884 महिलाओं को विभिन्न अपराधों के तहत गिरफ्तार किया गया। आंध्र प्रदेश में बीते सालों में 57,406 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था। मध्य प्रदेश में 49,333 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। एनसीआरबी रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ लगभग 66,398 अपराध के मामले दर्ज किए गए हैं। बीते दिनों क्राइम ब्रांच ने इंदौर से योगिता अजमेरा को गिरफ्तार किया। इसका नाम 125 करोड़ के जमीन घोटाले में शामिल है। पुलिस ने योगिता पर 10 हजार रुपये का इनाम भी रखा था। इंदौर में ही लुटेरी दुल्हनों का एक गिरोह पकड़ा गया। जो पैसे वालों की तलाश कर उनको अपना शिकार बनाती थीं। शादी के कुछ दिनों बाद ही जेवरात व नकदी समेटकर फरार हो जाती थीं। 

अपराध की दुनिया में हरियाणा की महिलाएं भी कम नहीं हैं। यहां भी बीते समय में एक ऐसी महिला अपराधी को पुलिस ने पकड़ा था, जो स्मैक बेचती थी। इतना ही नहीं माफिया डॉन दाऊद इब्राहीम के फरार होने के बाद गैंग के मुंबई समेत आसपास के माफिया कारोबार पर उसकी बहन हसीना पारकर ने कब्जा जमा लिया। सबूतों के अभाव में पुलिस हसीना पर शिकंजा नहीं कस सकी। मुंबई के ही अरुण गवली के बारे में भी पुलिस का दावा है कि जब वह आपराधिक मामलों को लेकर जेल में बंद था, तब उसके गिरोह का संचालन उसकी पत्नी आशा गवली करती थी। माफिया सरगना अश्विन नाइक के भी जेल में बंद होने के दौरान गिरोह की कमान उसकी पत्नी नीता नाइक के हाथों में होती थी, हालांकि बाद में नीता ने राजनीति में किस्मत आजमाने के लिए शिवसेना का दामन थाम लिया था और मुंबई से वह नगर सेविका भी चुनी गई लेकिन नीता के चरित्र पर शक होने के कारण अश्विन ने उसकी हत्या करवा दी।  

ठाणे के उपनगरीय इलाकों में कभी आतंक का पर्याय रहे सुरेश मंचेकर का केवल मुंबई बल्कि गोवा, हैदराबाद और मध्य प्रदेश में भी उसका जाल फैला था। बताते हैं कि सुरेश जब मुंबई में नहीं होता था, तो उसके गिरोह की बागडोर उसकी बूढ़ी मां लक्ष्मी और पत्नी सुप्रिया के हाथों में ही हुआ करती थी। मोनिका बेदी जब बॉलीवुड में काम पाने के लिए संघर्ष कर रही थीं, तब अबू सलेम ने उसकी मदद की थी। अबू के धमकाने पर मोनिका को एक नहीं, कई फिल्मों में काम मिला था। अबू सलेम के इस एहसान से मोनिका इस कदर दब गई कि आरोप लगने लगे कि वो बिना आगे-पीछे सोचे अबू के हर काम में उसका साथ देने लगी। धीरे-धीरे आपराधिक दुनिया में उसका नाम लिया जाने लगा। इसी तरह ब्यूटीशियन का काम करने वाली रुबीना दौलत और रुतबे की चाह में छोटा शकील गिरोह से जुड़ गई थी। वह न सिर्फ उसका आर्थिक कारोबार संभालती थी, बल्कि जेल में बंद गिरोह के सदस्यों की मदद करने का काम भी करती थी।