रक्षा मंत्रालय : एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे अगले वायुसेना प्रमुख
नयी दिल्ली, अमृत विचार : रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित अगले वायुसेना प्रमुख होंगे और वह वर्तमान वायुसेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे। 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान अहम भूमिका निभाने वाले दीक्षित लड़ाकू विमान के एक बेहतरीन पायलट हैं और उन्हें 20 से भी अधिक तरह के विमानों की उड़ान का 3,500 घंटे से ज्यादा का अनुभव है। उन्हें अपनी रणनीतिक योजना के लिए जाना जाता है। वह वर्तमान में वायुसेना के उप प्रमुख हैं।
मंत्रालय ने बताया कि सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 29वां वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया है और उनकी नियुक्ति 31 अक्टूबर की दोपहर से प्रभावी होगी। वर्तमान वायुसेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। चार दशक के अपने शानदार करियर में, दीक्षित ने कमांड सहित कई तरह के पद संभाले हैं। नौ दिसंबर 1966 को जन्मे एयर मार्शल दीक्षित 6 दिसंबर 1986 को वायुसेना की लड़ाकू इकाई में शामिल हुए थे। एयर मार्शल राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं।
उनके पास मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करण, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस समेत कई तरह के विमानों को उड़ाने का 3,500 घंटे से अधिक का व्यापक अनुभव है। दीक्षित एक प्रायोगिक परीक्षण पायलट और 'क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर' हैं। लगभग चार दशक के अपने सेवाकाल के दौरान, एयर मार्शल दीक्षित कई अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं, जिनमें ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर शामिल हैं। उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें 2006 में वायु सेना पदक, 2011 में विशिष्ट सेवा पदक, 2023 में अति विशिष्ट सेवा पदक और 2026 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें : दिल्ली-एनसीआर में हिली धरती : पूरे उत्तर भारत में महसूस हुए भूकंप के झटके
