व्रत-त्योहार : ऋषि पंचमी, ज्ञान, प्रकृति और आत्मसंयम की परंपरा
भाद्रपद शुक्ल पंचमी को मनाया जाने वाला ऋषि पंचमी पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की उस गौरवशाली परंपरा का स्मरण है, जिसमें ऋषि-मुनियों ने अपना जीवन प्रकृति, ज्ञान और मानवता की सेवा में समर्पित किया। यह दिन सप्तर्षियों- कश्यप, अत्रि, भारद्वाज, विश्वामित्र, गौतम, जमदग्नि और वशिष्ठ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
प्राचीन भारत में ऋषि-मुनि वनों, नदी तटों और पर्वतों की गोद में आश्रम बनाकर रहते थे। यह केवल एकांतवास नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ सहजीवन की दृष्टि थी। जल, वायु, अग्नि, पृथ्वी और आकाश के प्रति सम्मान उनकी जीवन-पद्धति का हिस्सा था। वृक्षों को देवतुल्य मानना, नदियों को माता कहना और वन्य जीवों के संरक्षण को धर्म से जोड़ना पर्यावरण संतुलन की इसी चेतना को दर्शाता है। आज जलवायु परिवर्तन के दौर में यह दृष्टिकोण और भी प्रासंगिक हो उठता है।
भारतीय ऋषि परंपरा की आत्मा गुरु-शिष्य व्यवस्था में बसती थी। गुरुकुल में शिष्य शास्त्रों के साथ अनुशासन, जीवन-मूल्य और चरित्र-निर्माण की शिक्षा प्राप्त करता था। इसी परंपरा से वेद, उपनिषद, आयुर्वेद, गणित, ज्योतिष और दर्शन जैसी विद्याएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी सुरक्षित रहीं। ऋषियों का योगदान ज्ञान-विज्ञान के अनेक क्षेत्रों में भी रहा। सुश्रुत की शल्य चिकित्सा, आर्यभट्ट की खगोलीय गणनाएं और योग-प्राणायाम जैसी परंपराएं आज भी अध्ययन और शोध का विषय हैं।
इन उपलब्धियों के पीछे तप, स्वाध्याय, सूक्ष्म अवलोकन और एकाग्रता की महत्वपूर्ण भूमिका थी। ऋषि पंचमी हमें आत्मशुद्धि, संयम और स्वाध्याय की प्रेरणा देती है। यह पर्व याद दिलाता है कि सच्ची सभ्यता वही है, जो प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाए, ज्ञान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाए और आत्मानुशासन को जीवन का आधार बनाए। यही ऋषि परंपरा की सबसे मूल्यवान विरासत है, जिसकी रक्षा और संवर्धन आज भी हमारा दायित्व है।
जयदेव राठी, लेखक, रोहतक
