68,500 शिक्षक भर्ती : 73 दिन से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने पंकज चौधरी से लगाई गुहार, मिला न्याय का भरोसा
68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने पंकज चौधरी से मिलकर सौपा ज्ञापन, जल्द समाधान का दिया भरोसा
68500 शिक्षक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर 73 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात की। ज्ञापन सौंपकर नियुक्ति की मांग की, मिला जल्द समाधान का भरोसा।
लखनऊ। 68500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण की विसंगतियों को लेकर अभ्यर्थियों का संघर्ष लगातार जारी है। पिछले 73 दिनों से इको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद पंकज चौधरी से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। अभ्यर्थियों ने ज्ञापन सौंपकर आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने मामले के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया है।
8 साल से आरक्षण विसंगति दूर कराने की लड़ाई
अनवरत धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह व आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले आठ वर्षों से 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा जारी आदेशों और संस्तुतियों का अनुपालन करते हुए ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी का लाभ दिया जाए तथा परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए।
दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिक अभ्यर्थियों को भी मिले लाभ
अभ्यर्थियों ने ओबीसी आरक्षण के साथ दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनके आश्रित अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ देने की मांग उठाई। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कर पात्र अभ्यर्थियों के साथ न्याय किया जाना चाहिए।
मंत्रियों से मुलाकात और प्रदर्शन के बाद भी नहीं निकला हल
तूफान सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी इससे पूर्व प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्रियों, बेसिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदार मंत्रियों एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रत्येक बार कार्यवाही का आश्वासन मिला, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका है।
पंकज चौधरी बोले- जल्द समाधान कराने का करेंगे प्रयास
इसी क्रम में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा और नवीन चौधरी सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं लोक सभा सांसद पंकज चौधरी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत करा कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन लेने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके प्रकरण पर वार्ता चल रही है। वे स्वयं इस मामले का समाधान कराना चाहते हैं और जल्द से जल्द अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार दलितों पिछड़ों के साथ है उनके साथ कोई भेदभाव नहीं होगा।
आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों को जगी उम्मीद
आठ वर्षों से नियुक्ति और आरक्षण संबंधी विसंगतियों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों ने प्रदेश अध्यक्ष के आश्वासन पर उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि अब सरकार को आयोगों के आदेशों और संस्तुतियों के अनुरूप कार्रवाई कर पात्र अभ्यर्थियों को उनका अधिकार देना चाहिए।
