जीवन का आधार श्रीराधा 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

समस्त ब्रह्मांड में कामदेव की पत्नी रति को अत्यंत सुंदर माना गया है। मां पार्वती रति से भी अधिक सुंदर हैं और भगवान विष्णु की लीला शक्ति लक्ष्मी इन दोनों से भी अधिक सुंदर हैं। किंतु श्रीराधा का सौंदर्य इन सभी के सौंदर्य को अपनी किरणों से फीका कर देता है। चंद्रमा, कमल और स्वर्ण आदि जिन वस्तुओं पर अपनी सुंदरता का गर्व है, श्रीराधा के अंग-प्रत्यंग उस गर्व का मर्दन करने वाले हैं।

स्वर्ग के राजा इंद्र की पत्नी शचि स्वयं को सबसे अधिक सौभाग्यशाली मानती हैं। सौभाग्य में वे लक्ष्मी और सत्यभामा को भी पीछे छोड़ देती हैं, किंतु श्रीराधा का सौभाग्य उनसे भी श्रेष्ठ है। भगवती लक्ष्मी भगवान नारायण के वक्षस्थल पर निवास करती हैं और सत्यभामा के लिए पारिजात वृक्ष लाने के लिए श्रीकृष्ण ने स्वयं इंद्र को पराजित किया था। फिर भी श्रीराधा का सौभाग्य सबसे ऊपर है, क्योंकि उनके मान की रक्षा के लिए योगेश्वर श्रीकृष्ण रासलीला में अन्य सभी ब्रजगोपियों को छोड़कर अंतर्धान हो जाते हैं।

जिन राधारानी को मनाने के लिए स्वयं सच्चिदानंद स्वरूप श्रीकृष्ण उनके चरणों का वंदन करते हैं, उनके सौभाग्य की बराबरी भला कौन कर सकता है? भक्तिवश श्रीकृष्ण अपने सभी भक्तों के अधीन हो जाते हैं, लेकिन श्रीराधा की अधीनता तो भगवान स्वयं स्वीकार करते हैं। ब्रजगोपियों की भक्ति को सर्वोच्च माना गया है, किंतु उनमें भी राधा सर्वश्रेष्ठ हैं-“त्योरप्युभयोर्मध्ये राधिका सर्वथाधिका।” अर्थात् दोनों के बीच राधिका सर्वश्रेष्ठ हैं। श्रीराधा श्रीकृष्ण को वशीभूत करने वाली प्रेमभक्ति की चरम अभिव्यक्ति हैं। श्रीवृंदावन की स्वामिनी और गुणों में सर्वश्रेष्ठ श्रीराधा का भजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि वे स्वयं प्रेम की आदर्श प्रतिमूर्ति हैं। 

श्री रघुनाथ गोस्वामी ने श्रीमनः शिक्षा में श्रीराधा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा है कि वे अपने सौंदर्य से गौरी के सौंदर्य को, अपने सौभाग्य से शचि, लक्ष्मी और सत्यभामा के सौभाग्य को तथा अपने प्रेम से ब्रज की समस्त सुंदरियों को पीछे छोड़ देती हैं। इसलिए हे मन! भगवान श्रीहरि की प्रिय श्रीराधा का भजन कर।

कुछ लोग श्रीराधा के अस्तित्व पर प्रश्न उठाते हैं और श्रीमद्भागवत में उनके स्पष्ट नाम का उल्लेख न होने को इसका आधार मानते हैं। भक्त परंपरा में इसका अलग-अलग प्रकार से स्पष्टीकरण मिलता है। अनेक संतों का मानना है कि भागवत में जहां-जहां ‘श्री’ के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की महिमा व्यक्त होती है, वहां श्रीजी के रूप में श्रीराधा की उपस्थिति को भी समझा जाना चाहिए। गर्ग संहिता में संकेत वन में ब्रह्माजी द्वारा श्रीकृष्ण और श्रीराधा के विवाह का वर्णन मिलता है। अतः उन्हें परवधू कहना भक्त परंपरा के अनुसार उचित नहीं माना जाता। श्रीराधा श्रीकृष्ण प्रेम की जन्मभूमि हैं। वे श्रीकृष्ण की अनुपम प्रेयसी ही नहीं, बल्कि उनकी आनंदमयी शक्ति भी हैं। स्वयं श्रीकृष्ण जगतगुरु हैं, किंतु उनकी अभिन्न स्वरूपा श्रीराधा भी भक्तों के लिए आचार्य स्वरूप हैं। 

श्रीराधा ने किसी गुरु से औपचारिक शिक्षा नहीं ली, फिर भी उनकी विदग्धता और कलाचातुरी ऐसी है कि चौंसठ कलाओं के सागर श्रीकृष्ण भी उनकी प्रतिभा से मुग्ध हो जाते हैं। वे ब्रज की समस्त सुंदरियों की आचार्या हैं। भक्त के लिए श्रीराधा की भक्ति श्रीकृष्ण की प्राप्ति का सरल मार्ग मानी गई है। जिस प्रकार श्रीराधा की वृत्ति निरंतर श्रीकृष्ण में लीन रहती है और कहीं विचलित नहीं होती, उसी प्रकार भक्त को भी अपने मन को भगवान की आराधना में लगाए रखना चाहिए।

श्रीराधा और श्रीकृष्ण- एक ही प्रेमतत्व

श्रीराधा और श्रीकृष्ण का संबंध प्रेम व आनंद का संबंध है। श्रीकृष्ण आनंदस्वरूप हैं, तो श्रीराधा प्रेमस्वरूपा। जहां आनंद है, वहां प्रेम है और जहां प्रेम है, वहां आनंद है। इसलिए दोनों को एक-दूसरे से अलग करके देखना संभव नहीं। श्रीराधा श्रीकृष्ण की जीवनस्वरूपा हैं और श्रीकृष्ण श्रीराधा के जीवनाधार। दोनों सदा अभिन्न हैं।

भक्त परंपरा में श्रीराधा को लक्ष्मी, रुक्मिणी और सीता के विभिन्न स्वरूपों से भी अभिन्न माना गया है। ब्रह्मवैवर्त पुराण में भी भगवान की शक्ति के इन विभिन्न रूपों की एकता का वर्णन मिलता है। जिस प्रकार राम और कृष्ण में तत्वतः भेद नहीं माना जाता, उसी प्रकार श्रीराधा, लक्ष्मी, रुक्मिणी और सीता में भी भक्तिभाव से कोई भेद नहीं किया जाता।

श्रीराधा के गुणों की गणना संभव नहीं- “राधागुणानां गणनातिगानां/ वाणीवचः सम्पदगोचराणाम्।” अर्थात् श्रीराधा के गुण वाणी और शब्दों की सीमा से परे हैं। उनकी महिमा का पूर्ण वर्णन करना किसी के लिए संभव नहीं। श्रीराधा-कृष्ण की लीलाएं लौकिक नहीं, बल्कि दिव्य और अप्राकृत मानी गई हैं। उन्हें समझने के लिए केवल तर्क नहीं, श्रद्धा और भक्ति की आवश्यकता है। इसीलिए श्रीराधा केवल आराध्या नहीं, प्रेम का सर्वोच्च स्वरूप हैं। उनका स्मरण भक्त को श्रीकृष्ण की ओर ले जाता है। श्रीराधा और श्रीकृष्ण एक ही प्रेमतत्व के दो रूप हैं- एक प्रेम है, तो दूसरा आनंद। दोनों का मिलन ही भक्ति की पूर्णता है और दोनों की अभिन्नता ही श्रीराधा-कृष्ण तत्व का आधार।

- अशोक सूरी आध्यात्मिक लेखक, बरेली

 

संबंधित समाचार