AI मंथन-2 से यूपी के विश्वविद्यालयों की बदलेगी तस्वीर! राज्य विश्वविद्यालयों की बैठक में बनीं रणनीति
अवध विश्वविद्यालय में राज्यपाल के ओएसडी की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन समीक्षा बैठक, 12-13 सितंबर को कानपुर में प्रस्तावित एआई मंथन-2 में सभी राज्य विश्वविद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित
अयोध्या, अमृत विचार : डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) डॉ. सुधीर एम बोबड़े की अध्यक्षता में प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों की ऑनलाइन समीक्षा बैठक हुई।
इसमें 12 व 13 सितंबर को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में प्रस्तावित ‘एआई मंथन-2’ कार्यक्रम की तैयारियों एवं प्रमुख अकादमिक व सामाजिक अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। सम्मेलन में सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति, कुलसचिव, वित्त अधिकारी एवं आईक्यूएसी निदेशकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
इस दौरान पूर्व में आयोजित ‘एआई मंथन-1’ के क्रियान्वयन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद अवध विश्वविद्यालय सहित 20 अन्य राज्य विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों द्वारा कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। बैठक के प्रमुख बिंदु में लखनऊ विश्वविद्यालय एवं हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के मध्य हुए एमओयू की तर्ज पर सभी विश्वविद्यालयों व संबद्ध महाविद्यालयों में कौशल विकास केंद्र स्थापित करने हेतु ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. एसएस मिश्र, प्रो. सुरेंद्र मिश्र, डॉ. एके द्विवेदी, विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. दीपशिखा चौधरी, डॉ. गीतिका श्रीवास्तव शामिल रहीं।
यह भी पढ़ेंः Education News: कस्तूरबा की बेटियों के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम, 101.49 करोड़ से बदलेंगी स्कूलों की तस्वीर
