200 crore extortion case : गवाही के लिए दिल्ली कोर्ट पहुंचीं नोरा फतेही, राऊज एवेन्यू कोर्ट ने जारी किया था समन

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े जबरन वसूली मामले में अभियोजन पक्ष की गवाह के तौर पर दर्ज कराना था बयान; वकील ने मांगी पेशी से छूट तो अदालत ने कहा- कोर्ट को हल्के में नहीं लिया जा सकता

सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश नहीं हुईं। वकील ने पेशी से छूट मांगी तो अदालत ने नाराजगी जताई। नोरा को 6 नवंबर को गवाही के लिए व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया है। वह इस मामले में अभियोजन पक्ष की गवाह हैं।

दिल्ली। कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही शुक्रवार को दिल्ली की अदालत में पेश हुईं। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गगनदीप सिंह की अदालत में वह बतौर गवाह पहुंचीं। इस मामले में अदालत की कार्यवाही फिलहाल जारी है। खास बात यह है कि अदालत इससे पहले भी नोरा फतेही को दो बार पेश होने के लिए समन जारी कर चुकी थी।

गवाही के लिए अदालत ने किया था तलब

सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस चर्चित रंगदारी मामले में नोरा फतेही को गवाह के रूप में पेश होना है। अदालत में उनकी गवाही को लेकर सुनवाई चल रही है। शुक्रवार को अभिनेत्री अदालत पहुंचीं और न्यायिक कार्यवाही में शामिल हुईं।

पेशी से छूट मांगने पर अदालत ने जताई थी नाराजगी

इससे पहले नोरा फतेही के वकील ने अदालत में उनकी पेशी से छूट देने का अनुरोध किया था। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता। गवाह होने के नाते उन्हें अदालत में पेश होना चाहिए था। अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था, ''आपका आचरण उचित नहीं है। अदालत को हल्के में न लें।'' इसके बाद अभिनेत्री को अदालत में पेश होने के लिए कहा गया था। फिलहाल 200 करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में अदालत की कार्यवाही जारी है और सभी की नजरें नोरा फतेही की गवाही पर टिकी हैं।

नोरा ने अपने बयान में क्या क्या बातें बताई

अभिनेत्री नोरा फतेही ने शुक्रवार को दिल्ली की अदालत को बताया कि दिसंबर 2020 में चेन्नई में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना पॉलोज ने फोन पर उनकी बात सुकेश से कराई थी। वह चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गगनदीप सिंह की अदालत में सूचीबद्ध गवाह के रूप में पेश हुई। नोरा फतेही ने अदालत को बताया कि जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने उन्हें बुलाया था और लीना तथा सुकेश के बारे में पूछताछ की थी। लीना और सुकेश से मुलाकात कैसे हुई, इस बारे में बताते हुए नोरा ने कहा, ''दिसंबर 2020 में मुझे चेन्नई में एक कार्यक्रम के लिए बुक किया गया था और लीना पॉलोज इसकी आयोजक थीं। उन्होंने 'एक्सीड एंटरटेनमेंट' नामक एजेंसी के जरिये मुझे कार्यक्रम के लिए बुक किया था। मुझे एक कार्यक्रम में कलाकार के तौर पर आमंत्रित किया गया था। मैं पहली बार कार्यक्रम में ही लीना पॉलोज से मिली थी।'' 

खुद को बताया कनाडाई नागरिक

अभिनेत्री ने बताया कि वह कनाडा की नागरिक हैं और 2014 से भारतीय फिल्मों में काम कर रही हैं। फिलहाल वह 'धर्मा' और 'टी-सीरीज' से जुड़ी हुई हैं। नोरा ने कहा, ''प्रक्रिया के अनुसार, विदेशी नागरिक होने के नाते अगर कोई मुझे कलाकार के तौर पर बुक करना चाहता है तो उसे प्रबंधन कंपनी के जरिये ऐसा करना होता है और भुगतान भी कंपनी को ही किया जाता है। उन्होंने कहा, ''चेन्नई में हुए इस कार्यक्रम के लिए मुझे कोई पारिश्रमिक नहीं मिला था। हालांकि, जिसने हमें बुक किया था, उसने यात्रा खर्च, स्टाफ का खर्च और हेयर एवं मेकअप आर्टिस्ट का खर्च उठाया था। हम एक रात पांच सितारा होटल में ठहरे थे।'' 

नोरा ने बताया कि उस समय टी-सीरीज उनकी नियोक्ता कंपनी थी और एक्सीड एंटरटेनमेंट के कर्मचारियों ने चेन्नई में पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था संभाली थी। नोरा ने कहा, ''जब मैं कार्यक्रम के लिए तैयार हो रही थी, तब टीम ने मुझे बताया कि लीना अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुझसे मिलना चाहती हैं। इसके बाद वे दो वीडियोग्राफरों और कुछ अन्य लोगों के साथ मेरे कमरे में आए। वे कुछ उपहार भी लेकर आए थे। लीना ने अपना परिचय 'नेल आर्टिस्ट्री सैलून' की मालिक के रूप में दिया।'' 

अभिनेत्री ने कहा, ''इसके बाद लीना ने कहा कि उनके पति मुझसे बात करना चाहते हैं और फिर उन्होंने सुकेश को फोन किया तथा इसे स्पीकर पर कर दिया।'' नोरा ने कहा, ''उनके पति (सुकेश) ने मुझसे कहा, 'आने के लिए धन्यवाद। हम आपके बहुत बड़े प्रशंसक हैं और भविष्य में और कार्यक्रम करना चाहेंगे।' इसी बातचीत के दौरान लीना ने मुझे एक कार उपहार में देने की बात भी बताई। उनके पति ने भी मुझसे उपहार के तौर पर कार स्वीकार करने का आग्रह किया।'' उन्होंने कहा, ''बातचीत खत्म होने के बाद मैं अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में गई। वहां मैंने मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया और एक नृत्य प्रतियोगिता में जज की भूमिका निभाई।'' अदालत ने नोरा को 30 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया है। इससे पहले भी अदालत उन्हें दो बार समन जारी कर चुकी है।

कोर्ट की फटकार के बाद हाजिर हुई अदाकारा 

सोमवार को सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि अभिनेत्री को 22 अक्टूबर को ही पेशी का नोटिस भेज दिया गया था। यह नोटिस ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए भेजा गया था। इसके अलावा उन्हें फोन भी किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने यह भी कहा कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि नोरा सोमवार को अदालत में पेश होंगी या नहीं।

वहीं, अभिनेत्री के वकील ने व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी। इस पर अदालत ने नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट किया कि न्यायालय की कार्यवाही को गंभीरता से लेना जरूरी है। गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में कोर्ट ने नोरा फतेही को 2 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर गवाही देने का निर्देश दिया था। अब उन्हें 6 नवंबर को अदालत में उपस्थित होना होगा।

तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में गवाह हैं नोरा

दरअसल, नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में शामिल है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने जेल में रहते हुए खुद को सरकारी अधिकारी बताकर फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से संपर्क किया था। आरोप है कि उसने अदिति सिंह को उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उनसे करीब 200 करोड़ रुपये की वसूली की। इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने की थी।

चैरिटी कार्यक्रम में मिला था गुच्ची का बैग और आईफोन

जांच के दौरान सुकेश का नाम बॉलीवुड अभिनेत्रियों नोरा फतेही और जैकलीन फर्नांडीज से भी जुड़ा। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने अभिनेत्रियों से संपर्क स्थापित करने के लिए पिंकी ईरानी की मदद ली थी। सितंबर 2022 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने नोरा फतेही से कई घंटे पूछताछ की थी। पूछताछ में अभिनेत्री ने बताया था कि वह सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल की ओर से आयोजित एक चैरिटी कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इस दौरान लीना ने उन्हें गुच्ची का बैग और आईफोन दिया था। इसके बाद फोन पर उनकी बातचीत सुकेश से कराई गई। सुकेश ने खुद को उनका प्रशंसक बताते हुए बीएमडब्ल्यू कार देने की पेशकश की थी।

बीएमडब्ल्यू कार लेने से किया था इनकार

नोरा के मुताबिक, कार से संबंधित बातचीत के लिए शेखर नाम का व्यक्ति उनके संपर्क में आया था। अभिनेत्री ने कार लेने से इनकार कर दिया और शेखर को अपने रिश्तेदार बॉबी खान का नंबर दे दिया। बाद में बीएमडब्ल्यू कार बॉबी खान के नाम पर पंजीकृत मिली। पुलिस पूछताछ में बॉबी खान ने कथित तौर पर सुकेश से करीब 65 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू कार मिलने की बात स्वीकार की थी। वहीं, नोरा ने जांच एजेंसियों के सामने खुद को इस पूरे मामले में साजिश का शिकार बताया था। उनका कहना था कि उन्हें सुकेश की असली पहचान और उसके आपराधिक कामों की जानकारी नहीं थी।

ये भी पढ़ें :
'रामायण' का महातूफान : दिवाली से पहले रिलीज होते ही मिले गजब के रिव्यू, जानिए दर्शकों को क्या आया सबसे ज्यादा पंसद
नोरा फतेही को कोर्ट की फटकार, 200 करोड़ की ठगी मामले में पेश नहीं हुईं अभिनेत्री; अब 6 नवंबर को बुलाया

संबंधित समाचार