फार्मेसी में फ्रेशर धमाल: KNIMT में शिखा और विशाल बने मिस्टर-मिस फ्रेशर, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी शाम
सुलतानपुर के केएनआईएमटी में फार्मेसी संकाय की फ्रेशर पार्टी, रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच शिखा और विशाल ने जीता खिताब
सुलतानपुर के कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (केएनआईएमटी) में फार्मेसी के नए छात्रों के लिए फ्रेशर पार्टी हुई। शिखा गुप्ता और विशाल यादव मिस्टर-मिस फ्रेशर चुने गए।
सुलतानपुर, अमृत विचार: केएनआईएमटी (कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी), फैकल्टी ऑफ फार्मेसी में शनिवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए एक भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। बी.फार्मा और डी.फार्मा के नए छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इस समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा, जहां विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर पूरे प्रांगण में समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केएनआईपीएसएस के प्रिंसिपल डॉ. सुनील प्रताप सिंह, रजिस्ट्रार अवधेश सिंह और फार्मेसी संकाय के निदेशक डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने मां सरस्वती तथा बाबू केदारनाथ सिंह के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण करके किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रेरित किया कि वे शिक्षा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर अपने जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं और संस्थान का नाम रोशन करें।
नृत्य, गायन और नाटकों ने लूटी महफिल
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए एकल एवं सामूहिक नृत्य, मधुर गायन और नुक्कड़ नाटक जैसी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस रंगारंग कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फ्रेशर टाइटल प्रतियोगिता रही, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कड़ी टक्कर के बाद बी.फार्मा वर्ग में शिखा गुप्ता को 'मिस फ्रेशर' और विशाल यादव को 'मिस्टर फ्रेशर' का खिताब दिया गया। वहीं, डी.फार्मा वर्ग से प्रतिभा मौर्य 'मिस फ्रेशर' तथा मंगल निषाद 'मिस्टर फ्रेशर' चुने गए।
व्यक्तित्व विकास में मददगार हैं ऐसे आयोजन-प्रबंधक विनोद सिंह
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रबंधक विनोद सिंह ने सभी नए विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इस तरह के आयोजन केवल मनोरंजन का साधन नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, उनके भीतर छुपे आत्मविश्वास को बाहर लाने और आपसी तालमेल को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस सफल आयोजन में डॉ. अंतेश झा, डॉ. रितेश श्रीवास्तव, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. शिव श्रीवास्तव समेत तमाम शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
