Shyama: The Missing Chapter: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जिंदगी पर फिल्म बनाएंगे मधुर भंडारकर, 1953 के कश्मीर अभियान पर भी रहेगा फोकस

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मधुर भंडारकर और आदित्य कुमार हलवासिया इस फिल्म का निर्माण ‘भंडारकर एंटरटेनमेंट’ और ‘एकेएच वेंचर्स’ के बैनर तले कर रहे हैं।

निर्देशक मधुर भंडारकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘श्यामा-द मिसिंग चैप्टर’ बनाएंगे। फिल्म में उनके राजनीतिक सफर, भारतीय जनसंघ की स्थापना, नेहरू सरकार से मतभेद और 1953 के कश्मीर अभियान की कहानी दिखाई जाएगी।

दिल्ली। फिल्म निर्माता और निर्देशक मधुर भंडारकर अब भारतीय शिक्षाविद और राजनेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन की कहानी बड़े पर्दे पर लेकर आएंगे। वह फिल्म ‘श्यामा-द मिसिंग चैप्टर’ का निर्देशन करेंगे। यह फिल्म मुखर्जी के राजनीतिक सफर, वैचारिक संघर्षों, भारतीय जनसंघ की स्थापना और जम्मू-कश्मीर में परमिट प्रणाली के खिलाफ उनके अभियान जैसे महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को केंद्र में रखेगी।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मधुर भंडारकर और आदित्य कुमार हलवासिया इस फिल्म का निर्माण ‘भंडारकर एंटरटेनमेंट’ और ‘एकेएच वेंचर्स’ के बैनर तले कर रहे हैं। फिल्म का उद्देश्य डॉ. मुखर्जी के जीवन के उन पहलुओं को सामने लाना है, जिन्होंने भारतीय राजनीति और देश के इतिहास को प्रभावित किया।

कुलपति से केंद्रीय मंत्रिमंडल तक का सफर

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन शिक्षा और राजनीति के महत्वपूर्ण पड़ावों से जुड़ा रहा। कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बनने से लेकर स्वतंत्र भारत में प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व वाले पहले मंत्रिमंडल में शामिल होने तक उनका सफर कई अहम घटनाओं का साक्षी रहा। फिल्म में उनके राजनीतिक विचारों, सरकार के साथ मतभेदों और मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के फैसले को दिखाया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना के घटनाक्रम को भी कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा। भारतीय जनसंघ को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पूर्ववर्ती राजनीतिक संगठन माना जाता है।

कश्मीर में परमिट प्रणाली के खिलाफ अभियान भी कहानी में

‘श्यामा-द मिसिंग चैप्टर’ में वर्ष 1953 में जम्मू-कश्मीर में लागू परमिट प्रणाली के खिलाफ डॉ. मुखर्जी के अभियान और हिरासत के दौरान उनकी मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों पर भी नए सिरे से गौर किया जाएगा। फिल्म के जरिए उनके जीवन के राजनीतिक और ऐतिहासिक पहलुओं को पर्दे पर प्रस्तुत करने की तैयारी है। हालांकि, फिल्म की रिलीज तारीख और कलाकारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी प्रेस विज्ञप्ति में साझा नहीं की गई है।

मधुर भंडारकर बोले- चुनौतीपूर्ण रहा जीवन को समझना

‘फैशन’, ‘हीरोइन’ और ‘बबली बाउंसी’ जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले मधुर भंडारकर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन को खंगालना उनके लिए चुनौतीपूर्ण और काफी मेहनत वाला काम रहा है। उन्होंने कहा, “'श्यामा' के माध्यम से, मैं भारत के इतिहास के एक अहम अध्याय को ईमानदारी, संवेदनशीलता और एक नए दृष्टिकोण के साथ पर्दे पर लाना चाहता हूं।”

नई पीढ़ी तक इतिहास पहुंचाने की कोशिश

फिल्म के सह-निर्माता आदित्य कुमार हलवासिया ने कहा कि उनका उद्देश्य डॉ. मुखर्जी की असाधारण यात्रा को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करना है, ताकि नई पीढ़ी देश के इतिहास को जाने, अपनी विरासत को समझे और उन मूल्यों से परिचित हो, जिन्होंने भारत के भविष्य को आकार देने में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन साहस, दृढ़ विश्वास और राष्ट्र सेवा के महत्व को रेखांकित करता है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि मधुर भंडारकर इस ऐतिहासिक और राजनीतिक जीवन को किस अंदाज में सिनेमाई रूप देते हैं।

ये भी पढ़ें : 
Tiger Firing Case : टाइगर पर हमले से पहले का CCTV आया सामने, मुंबई पुलिस ने 2 और लोगों को किया गिरफ्तार, हथियारों की तस्करी पर टिकी जांच

संबंधित समाचार