आर्ट गैलरी : अमूर्तन में स्मृति और संवेदना की खोज
हेमराज मेरे घनिष्ठ मित्रों में से एक हैं, ये देश के जाने-माने अमूर्त चित्रकार हैं। लंबे समय से वे अपनी एक विशिष्ट कलाभाषा को विकसित करते हुए निरंतर चित्र रच रहे हैं। देश और विदेश में उनकी अनेक प्रदर्शनियां आयोजित हो चुकी हैं और पुरस्कृत हुए हैं। उनकी कला ने विभिन्न परिवेशों के दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई है। वर्तमान में दिल्ली उनकी कर्मभूमि है, जहां वे अपनी सृजन-यात्रा को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।

हेमराज की कला को समझने के लिए उनके चित्रों में दिखाई देने वाले रूपों और रंगों से आगे बढ़कर उनकी संवेदना को महसूस करना आवश्यक है। उनके लिए अमूर्तन जीवन के अनुभवों, स्मृतियों और भीतर चलने वाली अनुभूतियों को व्यक्त करने की एक स्वतंत्र भाषा है। यहां रूप धीरे-धीरे अपनी निश्चित पहचान से मुक्त होकर भाव में परिवर्तित हो जाता है।
उनकी चित्र-भाषा में रंगों की अपनी एक महत्वपूर्ण भूमिका है। यहां रंग उनके स्मृति, मनः स्थिति और समय के अनुभवों को व्यक्त करने वाले तत्व बन जाते हैं। सतह पर रंगों और रेखाओं की परतें एक ऐसी दृश्य संरचना निर्मित करती हैं, जिसमें कलाकार का निरंतर श्रम और उसकी आंतरिक बेचैनी दोनों महसूस की जा सकती हैं।
हेमराज की कला की एक बड़ी विशेषता उसकी खुली हुई व्याख्या है। वे दर्शक को किसी एक निश्चित अर्थ तक पहुंचाने के बजाय उसे अपनी स्मृतियों और अनुभवों के साथ चित्र के सामने खड़े होने का अवसर देते हैं। इसीलिए उनकी कला का अनुभव प्रत्येक व्यक्ति के लिए अलग हो सकता है। एक ही चित्र किसी के भीतर बीती हुई स्मृति जगा सकता है, तो किसी के लिए भाव, रंग और सतहों का एक स्वतंत्र संसार बन सकता है।
उनकी सृजन-यात्रा में निरंतर खोज दिखाई देती है। वे एक निश्चित शैली में ठहरने के बजाय अपनी भाषा को लगातार विस्तार देते हैं। रंग, बनावट, रेखा और सतह के साथ उनका प्रयोग इस बात का संकेत है कि कलाकार के भीतर सृजन की प्रक्रिया निरंतर गतिशील है। यही खोज उनकी कला को एक जीवंत स्वर देती है।
- श्रीकांत पाण्डेय, मूर्तिकार एवं कला संयोजक, नई दिल्ली