संघर्ष के समर्पण से सफलता के शिखर तक
“किताब सादा रहेगी कब तक, कभी तो आगाज-ए-बाब होगा।” मुर्तजा जी की यह पंक्तियां संघर्ष की हर उस घड़ी के मुकाबिल होंगी, जो सफलता को नाकाबिल समझती हैं। यहां बात हो रही है देवरिया के दूरस्थ विकासखंड भागलपुर की, जो महर्षि देवरहा बाबा की पवित्र तपोभूमि है। यह क्षेत्र बाढ़ प्रभावित होने के साथ ही शैक्षणिक व सामाजिक रूप से पिछड़ा है। बुनियादी शिक्षा केवल प्राप्त निर्देशों का औपचारिकता से परिपालन करने मात्र से सुधार नहीं सकती, उसके लिए लक्ष्य आधारित बेहतर शिक्षण व्यवस्था, अधिकाधिक सहभागिता, न्यून ड्रॉप-आउट, रुचिकर शिक्षण-अधिगम सामग्री का नियमित उपयोग, अनुश्रवण और प्रबल इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। सबसे बड़ी चुनौती आमजन और अभिभावकों में विभाग के प्रति विश्वास उत्पन्न कर पाना है।
जब आप लगातार पीछे हो रहे हों, आपकी प्रगति उत्तरोत्तर खराब हो रही हो और आप स्वयं को निराश व हताश महसूस कर रहे हों, तब आवश्यकता होती है आत्मबोध से आत्ममंथन की। न्यूटन का तीसरा नियम इसके लिए सबसे सटीक उदाहरण व प्रेरणा है कि, “जब तक आप क्रिया नहीं करते, उसकी प्रतिक्रिया नहीं होती।” ऐसी स्थिति में स्व-अभिप्रेरणा महत्वपूर्ण होती है। इसीलिए कहा गया है कि “Self motivation is the best motivation”।
यह कहानी कुछ ऐसी ही है। परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों के अधिगम स्तर को सुधारने के लिए भिन्न-भिन्न ऑनलाइन व ऑफलाइन टूल्स विकसित किए गए हैं, जिनका निश्चित समयावधि में अनुश्रवण व पर्यवेक्षण कर मूल्यांकन किया जाता है। इन्हीं टूल्स में एक महत्वपूर्ण टूल निपुण आकलन है, जिसका डेटा विद्या समीक्षा केंद्र, निपुण भारत मॉनिटरिंग सेंटर के माध्यम से विश्लेषित कर मासिक प्रदर्शन के आधार पर प्रदर्शित किया जाता है।
अगस्त-2025 में आकलन की प्रगति शून्य तथा सितंबर में भी न्यून रही। यह विभाग के लिए चिंता का विषय था। इससे ज्यादा चिंताजनक यह था कि जिन नौनिहालों को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी शिक्षा सुनिश्चित कराने और जिनके भविष्य को उज्ज्वल करने का जिम्मा हमारे पास है, क्या हम उन बच्चों और अभिभावकों के साथ न्याय कर पाएंगे, जिन्होंने विभाग के प्रति अपना विश्वास प्रकट किया है?
मन विचलित हुआ, फिर यह एहसास हुआ कि “संघर्ष के दौर से गुजरना लाजिम है, क्योंकि संघर्ष ही विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।”
फिर शुरू हुआ स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी कमियों व समस्याओं को खोजने का दौर, जो बाधक बन रही थीं। कौन सी कमी किस स्तर पर रह गई, यह खोजा गया। सितंबर-2025 में केवल दो विद्यालय निर्धारित दक्षता के मानकों को प्राप्त कर पाए तथा विकासखंड में संघर्षशील विद्यालयों की संख्या तिहाई के अंक में पहुंच गई। अक्टूबर-2025 में दक्षता तो दुगुनी हुई, अपितु यह संख्या तिहाई के अंक में ही बरकरार रही। इसके बाद विद्यालयों में लगातार भ्रमण से इतर सौहार्दपूर्ण वातावरण में शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और अधिगम क्षमता को बेहतर करने की दिशा में स्वयं बच्चों का आकलन करना, आकलन उपरांत निपुण तालिका भरना, कार्यपुस्तिकाओं का अवलोकन करने के साथ शिक्षण कक्षा में सहभागिता करना प्रारंभ हुआ।
इस क्रियाविधि का विद्यालय स्तर पर शिक्षकों व शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े अन्य कार्मिकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। पूरी अकादमिक टीम व शैक्षणिक कर्मवीर व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए छोटी-छोटी रणनीति व कार्ययोजना के साथ कार्य करने लगे। आपसी संवाद प्रभावी हुआ और सभी की समान सहभागिता सुनिश्चित हुई। नवंबर-2025 में दक्षता में आठ गुना की अप्रत्याशित वृद्धि हुई तथा संघर्षशील विद्यालयों की संख्या भी लगभग तीन गुना कम हो गई।
यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। “लोग जुड़ते गए और कारवां बनता गया” की पंक्ति को चरितार्थ करते हुए प्रदेश के सुदूर विकासखंड भागलपुर ने अगस्त-2026 में ऐसा कमाल किया, जो प्रदेश के अन्य विकासखंडों के लिए नजीर बन गया। बुनियादी शिक्षा का नया आयाम भागलपुर ने गढ़ दिया, जो देवरिया के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अंत में स्वरचित पंक्ति के माध्यम से यही कहना है—“जीत की कोई तमन्ना नहीं है मुझको। मगर नहीं चाहता कि दौर हार का बना रहे।”
सूरज कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी देवरिया
