बतकही भौंकना : एक सहज क्रिया

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

भौंकना एक क्रिया है और विभिन्न स्तरों पर विभिन्न रूपों में अपनी प्रस्तुति के अंदाज के हिसाब से सुधीजनों को आकर्षित करता रहा है। विशिष्टता बोध से पीड़ित कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति के सबसे सशक्त माध्यम में चार चांद लगाने वाला मानते हैं। भौंकने के साथ दुम हिलाना भी आना चाहिए, अन्यथा खेल बिगड़ जाता है।

 कुछ लोग इस कला में निष्णात होते हैं। कब भौंकना है, कब दुम हिलाना है और कब जीभ का प्रयोग करना है, उन्हें अच्छी तरह से आता है। पाकिस्तान में इमरान खान जब तक बाजवा के आगे जीभ निकाल कर खड़े रहे, बने रहे, जब भौंकने का प्रयास किया तो ‘गो नियाजी, गो नियाजी’ कहकर अंदर कर दिए गए।

साहब लोग जब छुट्टी के उपरांत कार्यालय में पुनः योगदान करते हैं, तब मातहतों पर भौंक कर अपनी वापसी का ऐलान करते हैं। उनके इसी भौंकने की क्रिया के कारण ही कहा जाता है कि वह अपने से नीचे वालों को देखते ही भौं-भौं करने लगते हैं तथा ऊपर वालों की बूट देखते ही जीभ लपलपाने लगते हैं। ‘ऊपर चाटो, नीचे काटो’ इनका मूल मंत्र है।

हालांकि जुगाड़ लीला के एक्सपर्ट लोग तरक्की के लिए जबान कम चलाते हैं तथा एक पांव सत्ता की राजधानी में जमा के रखते हैं। कहां सिर्फ नमस्ते करना है, कहां पैर छूकर प्रणाम करना है, कहां पूरे-का-पूरा दंडवत हो जाना है, किसके यहां शीतल पेय से लेकर तरकारी तक सब पहुंचाना है, किसे भैया, किसे चाचा और किसे काका बनाना है, सब जानते हैं। 

भारतीय परिप्रेक्ष्य में साहब लोग के अलावा बुद्धू बक्से के एंकर लोगों का भौंकने की क्रिया पर एकाधिकर है।  एंकर के ज्ञान का कोई सानी नहीं होता है। वह सब जानता है, सबसे ज्यादा जानता है। कोई भी विषय हो, वह उस पर लगातार बोल सकता है। बोलना जरूरी है, क्या बोलना है यह महत्वपूर्ण नहीं है। चिल्लाता हुआ एंकर अपनी दोनों हथेलियों को रगड़ते हुए, न्यूज रूम के एक कोने से दूसरे कोने तक दौड़ता रहता है। वह अपील करता है कि शांत रहकर उसकी बात को पूरे मनोयोग से सुना जाए। एंकर के ज्ञान का दायरा अंतरिक्ष के अनंत विस्तार से लेकर पाताललोक की असीमित गहराई तक होता है।

अभिजित दुबे, लेखक

 

 

 

संबंधित समाचार