लंबी ड्राइव से पहले कार की इन 3 चीजों की जांच करें
लंबी रोड ट्रिप पर निकलने से पहले लोग अक्सर रूट, होटल और सामान की तैयारी में जुट जाते हैं, लेकिन कार की फिटनेस जांच को नजरअंदाज कर देते हैं। हाईवे पर टायर, इंजन या ब्रेक से जुड़ी छोटी समस्या भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए सफर शुरू करने से पहले कार की इन तीन जरूरी चीजों की जांच जरूर कर लें।
टायर और एयर प्रेशर-सबसे पहले चारों टायरों का एयर प्रेशर जांचें और इसे कार निर्माता की सलाह के मुताबिक रखें। टायर में कम या ज्यादा हवा होने से ड्राइविंग और माइलेज प्रभावित हो सकता है। टायर के ट्रेड, कट, क्रैक और असामान्य घिसावट को भी ध्यान से देखें। अगर किसी टायर में ज्यादा घिसावट या नुकसान है तो यात्रा से पहले उसे बदलवा लें। स्पेयर टायर की स्थिति भी जांचें। उसमें पर्याप्त हवा हो और जरूरत पड़ने पर वह इस्तेमाल करने लायक हो। साथ ही जैक और टायर बदलने के जरूरी उपकरण कार में मौजूद होने चाहिए।
इंजन ऑयल और फ्लूइड्स- लंबी यात्रा से पहले इंजन ऑयल का स्तर जरूर देखें। ऑयल कम होने पर उसे निर्धारित स्तर तक भरवाएं। अगर सर्विस या ऑयल बदलने का समय नजदीक है तो यात्रा से पहले इसे करा लेना बेहतर रहेगा। कूलेंट, ब्रेक फ्लूइड और विंडशील्ड वॉशर फ्लूइड की भी जांच करें। कार के नीचे या इंजन के आसपास किसी तरह का लीकेज दिखे तो उसे नजरअंदाज न करें।
ब्रेक सिस्टम-ब्रेक सिस्टम की जांच सबसे जरूरी है। ब्रेक लगाते समय आवाज, कंपन या पैडल के जरूरत से ज्यादा नरम महसूस होने जैसी समस्या हो तो कार को मैकेनिक को दिखाएं। ब्रेक पैड और डिस्क में ज्यादा घिसावट होने पर इन्हें समय रहते बदलवा लें।
सफर से पहले कुछ मिनट की जांच- टायर, फ्लूइड्स और ब्रेक की कुछ मिनट की जांच रास्ते में होने वाली अनावश्यक परेशानी से बचा सकती है। इसलिए लंबी ड्राइव पर निकलने से पहले कार की बेसिक फिटनेस जरूर जांचें।
