फर्स्ट राइड :  कार चलाने के साथ सीखा खुद पर भरोसा करना

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

शादी के बाद कई बार ऐसा हुआ कि पति कार लेकर बाहर निकलते और मैं बगल वाली सीट पर बैठ जाती। रास्ते भर बातें करती, बाजार से सामान लाती और घर लौट आती। कार चलाना मेरे लिए हमेशा पति की जिम्मेदारी जैसा ही रहा। मुझे लगता था कि मुझे इसकी क्या जरूरत है, जब वह हैं ही, लेकिन मन के किसी कोने में कार चलाने की इच्छा जरूर थी।

एक दिन मैंने उनसे कह दिया, “मुझे भी कार चलाना सिखा दो।” उन्होंने मेरी तरफ देखा और मुस्कुराकर बोले, “सच में सीखना है या दो दिन बाद छोड़ दोगी?” मुझे उनकी बात थोड़ी चुभी और मैंने तुरंत कह दिया, “अब तो सीखकर ही रहूंगी।”

अगली सुबह से मेरी ड्राइविंग की क्लास शुरू हो गई। पहले दिन उन्होंने मुझे खाली जगह पर कार में बैठाया। सीट और शीशे ठीक करने के बाद बोले, “पहले क्लच समझो।” सच कहूं तो उस समय क्लच, ब्रेक और एक्सीलेटर तीनों मुझे एक जैसे ही लग रहे थे। मैं बार-बार पूछती और वह धैर्य से समझाते।

पहली बार कार आगे बढ़ाई तो कुछ ही सेकंड में बंद हो गई। मैंने घबराकर उनकी तरफ देखा। वह बोले, “कुछ नहीं हुआ, दोबारा करो।” दूसरी बार भी वही हुआ। तीसरी बार कार थोड़ी दूर चली तो मुझे लगा जैसे मैंने कोई बहुत बड़ा काम कर लिया हो।

कुछ दिनों बाद सड़क पर चलाने की बारी आई। यहां मेरी घबराहट बढ़ गई। सामने से कोई वाहन आता तो मैं स्टीयरिंग कसकर पकड़ लेती। पीछे से कोई हॉर्न बजाता तो मेरा ध्यान गाड़ी से ज्यादा उस हॉर्न पर चला जाता। पति बार-बार कहते, “सड़क देखो, शीशे देखो, घबराओ मत।” कभी-कभी उनकी टोका-टोकी पर मुझे गुस्सा भी आता और मैं कह देती, “इतना आता है तो आप ही चला लीजिए।” वह चुपचाप मुस्कुरा देते।

धीरे-धीरे मुझे भरोसा होने लगा। मोड़ लेना, गियर बदलना, रिवर्स करना और पार्किंग करना पहले जितना मुश्किल नहीं रहा। एक दिन उन्होंने कहा, “अब तुम खुद चलाकर बाजार तक जाओ।” मन में डर था, लेकिन मैंने कार स्टार्ट कर दी। रास्ते भर उनकी बताई बातें याद करती रही। जब कार सही-सलामत बाजार पहुंची तो उन्होंने बस इतना कहा, “देखा, कर सकती हो।”

वह छोटा-सा वाक्य आज भी मुझे याद है। कार चलाना मैंने पति से सीखा, लेकिन उसके साथ मैंने खुद पर भरोसा करना भी सीखा। अब जब मैं ड्राइविंग सीट पर बैठती हूं तो सामने सड़क के साथ वह पहला दिन भी दिखाई देता है, जब क्लच छोड़ते ही मेरी कार बंद हो गई थी और मेरे पति ने बिना झुंझलाए कहा था- “कोई बात नहीं, फिर से कोशिश करो।”

मोना खुराना,शिक्षिका, शाहजहांपुर

 

संबंधित समाचार