Sultanpur News: आंधी-तूफान में खेतों में गिरे पेड़ों को हटाने का झंझट खत्म, इन नंबरों पर कॉल करके समस्या का होगा तुरंत समाधान
किसानों के खेतों और निजी भूमि पर गिरे पेड़ों को हटाने के लिए डीएम ने वन विभाग को दिए सख्त निर्देश, 29 खास प्रजातियों के लिए पास जरूरी
सुलतानपुर में आंधी-तूफान और बारिश से किसानों के खेतों में गिरे पेड़ों को हटाने में अब देरी नहीं होगी। डीएम इंद्रजीत सिंह के आदेश पर वन विभाग ने 29 प्रतिबंधित प्रजातियों के पेड़ों के निस्तारण और परिवहन पास के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
सुलतानपुर,अमृत विचार: चक्रवाती तूफान, तेज आंधी और भारी बारिश के कारण अगर आपके खेत या निजी जमीन पर पेड़ गिर गए हैं, तो अब उनके निस्तारण और परिवहन पास के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सुलतानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने वन विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसानों के आवेदनों पर बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई की जाए।
कलेक्ट्रेट सभागार में वन विभाग के अफसरों के साथ बैठक करते हुए डीएम ने कहा कि सड़कों पर पड़े पेड़ों को तुरंत हटाकर यातायात बहाल किया जाए। साथ ही, प्रभावित किसानों की मदद के लिए मौके पर जाकर निरीक्षण करने और जरूरी अनुमति जल्द से जल्द जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसानों की अपनी अकृषित या कृषित भूमि पर गिरे पेड़ों के मामले में भी वन विभाग के नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करनी होगी। शासन द्वारा आम, नीम, महुआ, पीपल, बरगद, गूलर, जामुन, इमली, शीशम और सागौन समेत कुल 29 प्रजातियों को प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है। इन पेड़ों के बोटा बनाने और उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने के लिए अनुमति अनिवार्य होगी। इसके अलावा आम, नीम, साल, महुआ और खैर के लकड़ी परिवहन के लिए अभिवहन पास जरूरी है, जबकि अन्य गैर-प्रतिबंधित प्रजातियों के लिए नियमानुसार छूट दी गई है।
समस्या होने पर तुरंत इन नंबरों पर करें कॉल
किसानों और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने तहसीलवार वन अधिकारियों के सीधी बातचीत के नंबर सार्वजनिक किए हैं:
| क्षेत्र / तहसील | अधिकारी का नाम व पद | संपर्क नंबर |
| सुलतानपुर (उप प्रभागीय) | अंजनी कुमार श्रीवास्तव (उप प्रभागीय वनाधिकारी) | 9235707045 |
| सुलतानपुर (क्षेत्रीय) | राज कुमार मौर्य (क्षेत्रीय वन अधिकारी) | 9651562057 |
| लम्भुआ | गौरव सिंह (क्षेत्रीय वन अधिकारी) | 7839434755 |
| कादीपुर | पंकज चौधरी (क्षेत्रीय वन अधिकारी) | 9899614259 |
| जयसिंहपुर | मो. जायर (क्षेत्रीय वन अधिकारी) | 9453946163 |
डीएम ने प्रभावित किसानों से अपील की है कि वे किसी बिचौलिए या अनावश्यक प्रक्रिया के चक्कर में न पड़ें। पेड़ों के निस्तारण या पास से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए सीधे अपने क्षेत्र के संबंधित वन अधिकारी से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।
