UP Weather Update: यूपी में ठंड के साथ कोहरे की एंट्री, वाराणसी में जीरो हुई विजिबिलिटी, जानें 15 नवंबर तक कहां-कैसा रहेगा मौसम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम रहेगा शुष्क, वाराणसी एयरपोर्ट पर शून्य तक पहुंची दृश्यता, लखनऊ में 31 डिग्री रह सकता है अधिकतम तापमान, 15 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में 15 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं हैं। सुबह कोहरा और दिन में धुंध छा सकती है। वाराणसी एयरपोर्ट पर दृश्यता शून्य मीटर पहुंची। जानें लखनऊ समेत पूरे यूपी के मौसम का हाल।

डिजिटल डेस्क अमृत विचारः उत्तर प्रदेश में नवंबर के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, वहीं कई इलाकों में कोहरा और धुंध लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। खासकर सुबह के वक्त सड़कों पर निकलने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे का असर दिखाई दे सकता है।

सुबह कोहरा, दिन में धुंध का असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 नवंबर को प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। दिन चढ़ने के साथ कोहरे का प्रभाव कम होने की उम्मीद है, लेकिन वातावरण में धुंध बनी रह सकती है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी तरह की विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

वाराणसी में जीरो मीटर पहुंची दृश्यता

बीते 24 घंटों में प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन कई जगह कोहरे ने अपना असर दिखाया। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में घना, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ स्थानों पर बेहद घना कोहरा दर्ज किया गया। वाराणसी में इसका सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिला। यहां एयरपोर्ट पर दृश्यता घटकर शून्य मीटर तक पहुंच गई।

तापमान की बात करें तो 8 नवंबर को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, 9 नवंबर को हरदोई में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

लखनऊ में 31 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

राजधानी लखनऊ में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। इसके बाद आसमान में धुंध छाई रह सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दोपहर में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है।

12 नवंबर तक मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, 11 नवंबर को भी पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके अगले दिन यानी 12 नवंबर को भी दोनों हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बने रहने का अनुमान है। इन दोनों दिनों के लिए विभाग की ओर से कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

15 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 से 15 नवंबर के बीच उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि, सुबह के समय कोहरा और दिन में धुंध का प्रभाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं हैं।

यह भी पढ़ेंः बरेली में आतिशबाजी से हवा हुई जहरीली: राजेंद्रनगर में AQI पहुँचा 276, प्रदूषण इमरजेंसी जैसे हालात से सांस लेना हुआ दूभर

संबंधित समाचार