Yogi ki Pati: ‘मुख्यमंत्री पाती’ के 50 सप्ताह पूरे, CM योगी ने बताया वनटांगिया गांव से कैसे मिली संवाद की प्रेरणा
सीएम बोले- प्रदेश की 25 करोड़ जनता से रिश्ता औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहे, पाती में जनता के सुझावों और अपेक्षाओं को भी मिले स्थान
सीएम योगी आदित्यनाथ की ‘मुख्यमंत्री पाती’ के 50 सप्ताह पूरे हो गए हैं। जानिए वनटांगिया गांव के दौरे से कैसे मिली सरकार और जनता के बीच आत्मीय संवाद की प्रेरणा।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रदेशवासियों के नाम लिखी जाने वाली ‘मुख्यमंत्री पाती’ ने 50 सप्ताह पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इस संवाद श्रृंखला की शुरुआत के पीछे की सोच और अपनी प्रेरणा साझा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित नहीं होने चाहिए। उत्तर प्रदेश उनके लिए केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व और आत्मीयता के साथ संवाद होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री पाती’ सरकार और समाज के बीच विश्वास, सहभागिता और जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम है। उनकी इच्छा है कि इस संवाद में केवल उनके विचार ही नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं और सुझावों को भी बराबर जगह मिले।
वनटांगिया गांव के दौरे ने रखी संवाद की नींव
योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेशवासियों से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, इसका पता ही नहीं चला। कई लोगों के मन में यह सवाल उठता होगा कि आखिर मुख्यमंत्री पाती लिखने की प्रेरणा कहां से मिली। इसका जवाब उनके वनटांगिया गांव के पहले दौरे के अनुभव में छिपा है।
उन्होंने बताया कि पहली बार वनटांगिया गांव पहुंचने पर वहां का दृश्य देखकर वह काफी व्यथित हुए थे। कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों के लोगों का जीवन और वर्षों तक बुनियादी सुविधाओं से दूर रहने की उनकी स्थिति ने उन्हें झकझोर दिया था। उस समय उन्हें महसूस हुआ कि शासन की जिम्मेदारी सिर्फ योजनाएं बनाने और उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं हो सकती। उसका असली दायित्व समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है, जिसकी पीड़ा और अपेक्षाएं कई बार व्यवस्था तक नहीं पहुंच पातीं।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2122134422162120724?a=lSdTCzKSlaK4wDuTJDY&s=20
सरकार और जनता के बीच अपनत्व का सेतु है पाती
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांव के अनुभव ने शासन और जनता के बीच लगातार संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव की जरूरत को और मजबूत किया। इसी भावना से मुख्यमंत्री पाती की प्रेरणा मिली। उनका उद्देश्य प्रदेश के लोगों के जीवन, आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आत्मीय संवाद कायम करना है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में लिखे गए पत्र उनके लिए केवल विचारों को व्यक्त करने का जरिया नहीं रहे, बल्कि इनके माध्यम से प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें आवाज देने का अवसर भी मिला है। उन्हें इस बात की खुशी है कि इस संवाद की गूंज उत्तर प्रदेश से बाहर देश के दूसरे हिस्सों तक भी पहुंची है।
जनता के सुझावों से और सार्थक बनेगी संवाद श्रृंखला
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस पूरी यात्रा में प्रदेशवासियों का स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहा है। वह चाहते हैं कि मुख्यमंत्री पाती जनता के मन की बात, उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को भी समान रूप से सामने लाए। जनता की आवाज ही इस संवाद श्रृंखला की असली ताकत है और उसकी सहभागिता इसे अधिक सार्थक बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस आत्मीय संवाद को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी सरकार और समाज के बीच विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो दोनों को एक-दूसरे के और करीब लाए। साथ ही उन्होंने सभी से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने को कहा, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।
यह भी पढ़ेंः UP PCS Transfer: 55 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, यूपी में विकास प्राधिकरणों से लेकर नगर निगमों तक फेरबदल
