Auraiya News : साड़ी का पल्लू बना काल! सड़क पर सिर के बल गिरी महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अछल्दा में भोर के समय हुआ हादसा, संतुलन बिगड़ने से सड़क पर सिर के बल गिरीं 65 वर्षीय गीता देवी; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह शादी समारोह में पूड़ी बेलने जा रही 65 वर्षीय गीता देवी की बाइक से गिरकर मौत हो गई। उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिये में फंस गया था, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर सिर के बल गिर गईं।
अछल्दा/औरैया, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में शनिवार भोर सुबह 6 बजे एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय महिला की जान चली गई। शादी समारोह में पूड़ी बेलने जा रही महिला की साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पिछले पहिये में फंस गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ने पर महिला सड़क पर सिर के बल जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव गुनौली निवासी गीता देवी (65) पत्नी सर्वेश कुमार दुबे शनिवार को गांव के प्रदीप कुमार पुत्र राजकुमार के साथ मोटरसाइकिल से रजुआमऊ गांव जा रही थीं। वहां एक शादी समारोह में उन्हें पूड़ी बेलने का काम करना था।
गीता देवी की साड़ी का पल्लू नीचे की ओर लटक रहा था। दोनों अभी वंशी गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिये में उलझ गया। पल्लू पहिये में फंसते ही वह संभल नहीं सकीं और सड़क पर सिर के बल जा गिरीं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
घायल गीता देवी को आनन-फानन निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक अभिचल पांडेय ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उपनिरीक्षक मुन्नालाल और मेवालाल और शिवम सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गीता देवी की अचानक मौत की खबर से पति सर्वेश कुमार दुबे, बेटे विवेक उर्फ चिंकू समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें:-UP Elections 2027: यूपी चुनाव से पहले पोस्टर वार तेज, सपा का ‘बुलडोजर’ पर तंज तो भाजपा ने अखिलेश को घेरा
