Sharadiya Navratri : 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला दर्शन, दिव्यांगों को अब भी इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

आगामी दिनों में बढ़ने वाली भीड़ को लेकर ट्रस्ट और धार्मिक समिति करेगा मंथन

अयोध्या में नवरात्र के पहले दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। बढ़ती भीड़ के बीच मंदिर की व्यवस्थाओं पर मंथन जारी है, वहीं दिव्यांगों को राम दरबार के दर्शन में परेशानी हो रही है।

अयोध्या, अमृत विचार। शारदीय नवरात्र के प्रारंभ होते ही रामनगरी में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। नवरात्र के पहले दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। आगामी दिनों में संभावित भीड़ और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और धार्मिक समिति व्यवस्थाओं को लेकर मंथन कर रही है। सुबह छह बजे मंदिर के पट खुलते ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। रामलला के दर्शन के साथ श्रद्धालु मंदिर परिसर के परकोटे में स्थित पंचायतन मंदिर में भी दर्शन कर रहे हैं। 

नवरात्र के आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी में जुटा है।  दर्शन सुचारु बनाए रखने और संभावित भीड़ को संभालने के लिए ट्रस्ट और धार्मिक समिति के बीच विचार-विमर्श किया जा रहा है।

बढ़ती भीड़ को लेकर ट्रस्ट करेगा मंथन

धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने सोमवार को रामसेवकपुरम स्थित यात्री निवास में ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देवगिरि से मुलाकात की। राजकुमार दास ने बताया कि यह औपचारिक मुलाकात थी। मंदिर में दर्शन सुचारु रूप से चल रहे हैं। आने वाले दिनों में बढ़ने वाली भीड़ और आयोजनों को देखते हुए ट्रस्ट के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने और धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट के साथ बैठक की जाएगी। इसमें जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा कर उन्हें सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भक्तों को दर्शन के दौरान परेशानी न हो।

राम दरबार के दर्शन से वंचित हो रहे दिव्यांग श्रद्धालु

रामनगरी में जहां नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है, वहीं राम मंदिर पहुंचने वाले दिव्यांग भक्तों को राम दरबार के दर्शन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से मंदिर के पश्चिमी हिस्से में लगाई गई लिफ्ट अब तक आम श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नहीं हो सकी है। इसके चलते दिव्यांग श्रद्धालुओं की राम दरबार के दर्शन की इच्छा पूरी नहीं हो पा रही है।

सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत

नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच दर्शन व्यवस्था के साथ दिव्यांग भक्तों की सुविधा भी अहम मुद्दा बन गई है। ऐसे में आगामी दिनों में होने वाली बैठकों में भीड़ प्रबंधन के साथ दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था पर भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

 

 

संबंधित समाचार