BARABANKI CRIME : सर्राफा व्यापारी को बदमाशों ने घेरा, 25 लाख के जेवर लूटने की कोशिश और ताबड़तोड़ फायरिंग
दुकान बंद करके लौट रहे थे घर, झाड़ियों से जेवरों से भरा बैग बरामद
बाराबंकी के कोटवा सड़क कस्बे में बुधवार शाम दुकान बंद कर घर लौट रहे दो सगे भाइयों को चार बदमाशों ने घेर लिया। 25 लाख रुपये के जेवर लूटने के चक्कर में बदमाशों ने फायरिंग भी की, लेकिन व्यापारी ने सूझबूझ दिखाते हुए जेवरों का बैग झाड़ियों में फेंक दिया। ग्रामीणों के आने पर बदमाश भाग निकले और पुलिस ने झाड़ियों से पूरा बैग बरामद कर लिया है।
बाराबंकी, अमृत विचार: कोटवा सड़क कस्बे से दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफा व्यापारी और उसके भाई को बुधवार देर शाम बाइक सवार चार बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटने के इरादे से बदमाशों ने फायरिंग की। व्यापारी की सूझबूझ और ग्रामीणों की सक्रियता से बदमाश वारदात को अंजाम नहीं दे सके। पुलिस ने झाड़ियों से जेवरों से भरा बैग बरामद कर लिया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
दुकान बंद करके लौट रहे थे घर
घटना रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र की है। थोरथिया गांव के रहने वाले श्याम सोनी की कोटवा सड़क कस्बे में ज्वैलरी की दुकान है। बुधवार शाम को वह अपनी दुकान बंद करके अपने भाई सत्यम सोनी के साथ बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों भाई थोरथिया गांव के पास पहुंचे, वैसे ही एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। सभी बदमाशों ने हेलमेट पहन रखे थे ताकि उनकी पहचान न हो सके।
बदमाशों ने की फायरिंग, व्यापारी ने झाड़ियों में फेंका बैग
अचानक हुए हमले से दोनों भाई घबरा गए, लेकिन खुद को घिरता देख श्याम ने हिम्मत नहीं हारी। बदमाशों ने लूट के इरादे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जब एक बदमाश ने गोली चलाते हुए उनका पीछा किया, तो श्याम ने अपनी जान और जेवरों की सलामती के लिए अंधेरे का फायदा उठाया और जेवरों से भरा बैग पास की झाड़ियों में फेंक दिया।
ग्रामीणों के दौड़ाने पर भागे बदमाश
गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों को अपनी तरफ आते देख बदमाश घबरा गए। भीड़ को देखकर एक बदमाश गांव की तरफ भागा, जिसका ग्रामीणों ने पीछा भी किया। भागने की हड़बड़ी में उस बदमाश की चप्पल वहीं छूट गई। वहीं, उसके तीन अन्य साथी बाइक पर सवार होकर लखनऊ-फैजाबाद हाईवे की तरफ फरार हो गए।
पुलिस ने बरामद किया बैग, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया तो झाड़ियों से जेवरों से भरा पूरा बैग सही-सलामत मिल गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मौके का निरीक्षण किया और बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ने के कड़े निर्देश दिए हैं। पुलिस उपाधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि चारों बदमाशों ने लूट के इरादे से फायरिंग की थी गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: Raebareli News : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, विरोध करने पर पीड़िता से मारपीट का आरोप
