Barabanki News : असंद्रा में सरकारी खड़ंजा उखाड़कर बंद किया रास्ता, विरोध पर बुजुर्ग दंपती से मारपीट

Amrit Vichar Network
On

असंद्रा में सरकारी रास्ता खोदने का विरोध करने पर 75 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी पत्नी से मारपीट का आरोप, तीन लोगों पर एफआईआर के बाद भी कार्रवाई न होने पर पीड़ित कलेक्ट्रेट पहुंचे

बाराबंकी के असंद्रा क्षेत्र में सरकारी खड़ंजा खोदने का विरोध करने पर 75 वर्षीय हरदेव प्रसाद पांडेय और उनकी पत्नी से मारपीट का आरोप लगा है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए बुजुर्ग कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों से न्याय की मांग की।

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के असंद्रा कोतवाली क्षेत्र में सरकारी रास्ते को खोदकर आवागमन बाधित करने और विरोध करने पर बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे परेशान 75 वर्षीय हरदेव प्रसाद पांडेय आज को कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय में सीओ से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी।

पूरे बढ़ई मजरे बबुरिहा निवासी हरदेव प्रसाद पांडेय के अनुसार, पांच नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे उनके घर के सामने बने सरकारी खड़ंजे को खोदा जा रहा था। रास्ता बाधित किए जाने पर उन्होंने इसका विरोध किया तो विपक्षियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीचबचाव करने पहुंची उनकी पत्नी को भी आरोपियों ने पीट दिया।

पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद हरदेव प्रसाद की तहरीर पर असंद्रा पुलिस ने पांच नवंबर को तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार शुक्ला को सौंपी गई है। पीड़ित का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद न तो रास्ते को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई हुई और न ही परिवार को मिल रही धमकियों पर रोक लग सकी है।

दोबारा रास्ता बंद करने की आशंका, परिवार में दहशत

हरदेव प्रसाद का आरोप है कि सरकारी खड़ंजा खोदे जाने से रास्ता पहले ही बाधित है। उन्हें आशंका है कि विपक्षी दोबारा निर्माण कराकर आवागमन का रास्ता पूरी तरह बंद कर सकते हैं। हरदेव प्रसाद ने ग्राम प्रधान पर भी आरोपियों को शह देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि परिवार भय के माहौल में जी रहा है। यदि गांव में कोई अप्रिय घटना होती है या उनके परिवार को नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए ग्राम प्रधान भी जिम्मेदार होंगे। वहीं, सीओ रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण में एफआईआर दर्ज है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-Prayagraj News : होटल में चल रहा था गंदा खेल! 7 युवतियां और संचालक समेत 17 हिरासत में, आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद

 

संबंधित समाचार