Bareilly News: पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का एक और मौका, 17 तक करें आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

कक्षा नौ से 12 तक के नए छात्र 12 से 17 नवंबर तक भर सकेंगे फॉर्म, नवीनीकरण के लिए 20 नवंबर तक की मोहलत

बरेली में पिछड़ा वर्ग के कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति आवेदन का एक और मौका मिला है। नए विद्यार्थी 17 नवंबर और नवीनीकरण कराने वाले छात्र 20 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नए आवेदकों को जनवरी 2027 में छात्रवृत्ति का भुगतान किया जाएगा।

बरेली, अमृत विचार। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से चूक गए पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को शासन ने एक और अवसर दिया है। कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राएं अब 17 नवंबर तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं, पहले से योजना का लाभ ले रहे विद्यार्थियों को नवीनीकरण के लिए 20 नवंबर तक का समय दिया गया है। शासन ने पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना की तीसरी संशोधित समय सारिणी जारी कर दी है।
 

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी इंद्रसेन सरोज ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थी, अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर, छात्रवृत्ति की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पूरा करने के बाद उसकी हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करना अनिवार्य होगा। संस्थान 23 नवंबर तक आवेदन पत्रों का सत्यापन कर उन्हें ऑनलाइन अग्रसारित करेंगे। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से भी सत्यापन किया जाएगा।

नवीनीकरण कराने वाले विद्यार्थियों का डाटा एक से आठ दिसंबर तक लॉक किया जाएगा। इसके बाद नौ से 13 दिसंबर तक छात्रवृत्ति की मांग तैयार होगी और 14 से 31 दिसंबर के बीच खातों में धनराशि भेजी जाएगी। वहीं, नए आवेदकों के डाटा लॉक करने की प्रक्रिया 16 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। इनके लिए 16 से 24 जनवरी तक छात्रवृत्ति की मांग तैयार की जाएगी। इसके बाद 25 से 31 जनवरी 2027 तक पात्र विद्यार्थियों के खातों में धनराशि भेजी जाएगी।

आवेदन के बाद संस्थान में जमा करें हार्डकॉपी

ऑनलाइन आवेदन करने के बाद विद्यार्थियों को आवेदन पत्र की हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी। संस्थान स्तर पर सत्यापन के बाद ही आवेदन आगे बढ़ाया जाएगा। इसलिए अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन और दस्तावेज जमा करना बेहतर होगा।

ये भी पढ़ें- बरेली की कमान फिर पुराने कप्तान के हाथ, मुनिराज बने नए डीआईजी

संबंधित समाचार