Bareilly News : बरेली कॉलेज की अलमारियों में कैद हैं बेशकीमती ऐतिहासिक हर्बेरियम, जर्मनी और कनाडा से है कनेक्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

अलमारियों में कैद हैं बॉटनी विभाग के वजूद से पहले के हर्बेरियम

बरेली कॉलेज के बॉटनी विभाग में 110 साल पुराने ऐतिहासिक हर्बेरियम मिले हैं। इन्हें जल्द ही संग्रहालय बनाकर संरक्षित किया जाएगा।

मोनिस खान, बरेली। बरेली कॉलेज की लाल इमारत का कोना-कोना में बेशकीमती ऐतिहासिक दस्तावेजों से भरा पड़ा है। मगर इतिहास की इन बेशकीमती निशानियों को संजोकर रखने में किसी की दिलचस्पी नहीं दिखाई देती। कुछ यही सूरते हाल कॉलेज के बॉटनी विभाग का है, जिसके वजूद में आने से पहले के हार्बेरियम विभाग की अलमारियों में पड़े धूल-फांक रहे हैं। यहां 110 साल पुराने तक हार्बेरियम हैं, जिनको कई बार विभागीय संग्रहालय बनाकर संरक्षित करने की कवायद हुई मगर अमली जामा नहीं पहनाया जा सका।

दस्तावेज बताते हैं कि कॉलेज का वनस्पति विज्ञान विभाग साल 1948 में वजूद में आया। मगर यहां 1916 तक के हर्बेरियम मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल किसी प्रजाति के पौधों पर शोध के दौरान किया जाता है। इन दिनों वनस्तपति विज्ञान विभाग में मरम्मत का काम चल रहा है, लिहाजा अलमारियों में रखे वर्षों पुराने हर्बेरियम सामने आए। खास बात ये कि इनमें जर्मनी, सीरिया, फिलिस्तीन, कनाडा जैसे देशों के हर्बेरियम शामिल हैं। इनकी संख्या एक दर्जन के आसपास बताई जाती है। इन्हें विभाग में कब लाया गया इसका कोई रिकॉर्ड तो मौजूद नहीं मगर विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक खरे बताते हैं कि विभाग में प्राध्यापक रहे प्रो. डीके सक्सेना के जमाने के हो सकते हैं। ये सभी टेरिडोफाइट्स ग्रुप के इक्विसेटम प्रजाति के पौधों के हर्बेरियम हैं। प्रो. डीके सक्सेना का ज्यादातर शोध टेरिडोफाइट्स पर ही था लिहाजा माना जा सकता है कि ये उन्हीं के जमाने में कॉलेज में मंगाए गए होंगे।

क्या होता है हर्बेरियम
पौधों के नमूनों को वैज्ञानिक तरीके से जमा करके संग्रह के लिए संरक्षित किया जाता है। इसमें किसी खास तरह के पौधे को अच्छी तरह दबाकर सुखाया जाता है। इसके बाद उन्हें हर्बेरियम शीट पर चिपकाया जाता है। हर शीट पर पौधे का वैज्ञानिक नाम, कुल, संग्रह करने का स्थान, तिथि लिखी जाती है। हर्बेरियम का इस्तेमाल पौधों की पहचान, वर्गीकरण, अध्ययन और अनुसंधान के लिए किया जाता है। आम तौर पर इसका इस्तेमा वनस्पति विज्ञान के विद्यार्थी और वैज्ञानिक करते हैं।

संग्रहालय तैयार करने की कवायद
विभागीय स्तर पर संग्रहालय तैयार करने की कवायद शुरू हो चुकी है। विभाग के पास कई पौधों के नमूनें और दूसरे चीजें है जिनकों संग्रहालय में रखने का प्रस्ताव है। इसके अलावा विभाग के पास 40 से ज्यादा जीवाश्मों के नमूनें हैं। जिनकों संजोकर रखने की कोई ठीक व्यवस्था नहीं। मगर विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक खरे ने दावा किया कि दो महीने के अंदर विभाग की मरम्मत का काम पूरा हो जाने के बाद इन सभी चीजों को संरक्षित करने के लिए संग्रहालय में रखा जाएगा।

ये पुराने हर्बेरियम विभागीय अलमारियों में संरक्षित हैं। विभाग में इन दिनों मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम चल रहा है। काम पूरा होने के बाद संग्रहालय बनाने का भी प्रस्ताव है। जिसके बाद इनकों संग्रहालय में संरक्षित करवा दिया जाएगा। -प्रो. आलोक खरे, वनस्पति विज्ञान, बरेली कॉलेज।

ये भी पढ़ें - बदल रहा बरेली : फोरलेन से सिक्सलेन तक... बदल रही पीलीभीत रोड की तस्वीर, बीडीए ने तैयार किया करोड़ों का प्लान

संबंधित समाचार