लखीमपुर खीरी : लापता छात्र-छात्रा के शव पेड़ से लटके मिले
स्कूल जाने को घर से निकले थे दोनों, एक ही पेड़ पर मिले शव
घर से स्कूल जाने के लिए निकले छात्र-छात्रा के शव बुधवार सुबह पड़ोसी गांव के पास पेड़ से लटकते मिले। दोनों मंगलवार से लापता थे। एक ही गांव के रहने वाले किशोर और किशोरी के शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।
मैगलगंज (लखीमपुर खीरी),अमृत विचार : घर से स्कूल जाने के लिए निकले छात्र-छात्रा के शव बुधवार सुबह पड़ोसी गांव के पास पेड़ से लटकते मिले। दोनों मंगलवार से लापता थे। एक ही गांव के रहने वाले किशोर और किशोरी के शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। घटनास्थल पर मिले कुछ साक्ष्यों ने भी मामले को उलझा दिया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोर और किशोरी औरंगाबाद स्थित जिला पंचायत इंटर कॉलेज में पढ़ते थे। किशोर कक्षा सात और किशोरी कक्षा 11 की छात्रा थी। दोनों मंगलवार की सुबह घर से विद्यालय जाने के लिए निकले थे। ग्रामीणों के मुताबिक किशोर छात्रा की साइकिल पर बैठकर स्कूल गया था। देर शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह औरंगाबाद से मूड़ाबसई जाने वाले मार्ग पर पेड़ से दोनों के शव लटकते मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनकी शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय, एसडीएम मितौली, सीओ गोला और मितौली समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
घटनास्थल पर छात्रा की साइकिल कुछ दूरी पर मिली, जबकि पेड़ के नीचे एक जोड़ी चप्पल और कुछ दूरी पर दूसरी जोड़ी चप्पल पड़ी मिली। छात्रा की सलवार पर खून के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों को लेकर परिजन और ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनका आरोप है कि दोनों की हत्या कर शव पेड़ से लटकाए गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी वजह
किशोर और किशोरी के शव पेड़ से लटके मिले। मौके से फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। - अमित कुमार राय, एएसपी पश्चिमी।
