Shahjahanpur News : सराफा व्यापारी को तस्कर बताकर दो लाख वसूले, दो सिपाही गिरफ्तार
चार सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, चारों सिपाही निलंबित
शाहजहांपुर में चार सिपाहियों ने एक सराफा व्यापारी की डिग्गी में स्मैक रखकर 2 लाख रुपये वसूल लिए। एसपी ने चारों को सस्पेंड कर 2 सिपाहियों को गिरफ्तार किया है।
परशुरामपुरी/शाहजहांपुर, अमृत विचार। सराफा व्यापारी की डिग्गी में स्मैक रखकर चार सिपाहियों ने जेल भेजने की धमकी देकर घर वालों से दो लाख रुपये वसूल लिए और फिर छोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों तक मामला पहुंचा तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके दो सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया। चारों सिपाही तिलहर थाना में तैनात हैं। एसपी ने चारों पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस फरार दो सिपाहियों की तलाश कर रही है।
परशुरामपुरी थाना क्षेत्र के कानून गोयान मोहल्ला निवासी सर्राफा व्यापारी सुंदरम क्षत्रिय ने बताया कि 4 सितंबर की रात करीब 8 बजे उन्हें फोन कर जेवर गिरवी रखने के बहाने बुलाया गया था। जब वह सरैया मोड़ के पास पहुंचे, तभी दो बाइक पर सादे कपड़ों में चार सिपाही अरुण चित्तौड़िया, पंकज, तुषार और वीरेंद्र पहुंचे। सिपाही परिचित होने के कारण सुंदरम उनके साथ चले गए। आरोप है कि सिपाही सराफा व्यापारी को भटादेवर मोड़ पर लेकर पहुंचे। वहां पर सिपाहियों ने सुंदरम की तलाशी लेनी शुरू कर दी। सिपाहियों ने जेब से स्मैक निकालकर सराफा व्यापारी की बाइक की डिग्गी में रख दी और कहा मादक पदार्थ की तस्करी करते हो।
आरोप है कि सिपाहियों ने सर्राफा व्यापारी को धमकाया और बिरिया गंज पुलिस चौकी ले गए और प्रताड़ित किया। आरोप है कि सिपाहियों ने उसके प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल भी डालने की कोशिश की। सिपाहियों ने रात में डेढ़ बजे दो लाख रुपये छोड़ा। सराफा व्यापारी सुंदरम ने एसपी से शिकायत की। एसपी ने मामले की जांच सीओ तिलहर से कराई। एसपी सौरभ दीक्षित के आदेश पर परशुरामपुरी थाना में तिलहर थाना में तैनात सिपाही अरुण चित्तौडिया, पंकज, तुषार और वीरेंद्र तथा एक अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। एसपी ने चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आरोपी सिपाही पंकज और वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस अन्य दो सिपाहियों की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : रेलवे ट्रैक पर जलभराव से बदला ट्रेनों का रास्ता, स्टेशन जाने से पहले यहां चेक करें नया रूट
