Bareilly News: जनगणना में मनमानी नहीं चलेगी, प्रगणक पूछेंगे तय 40 सवाल
डीएम अविनाश सिंह ने दो प्रशिक्षण केंद्रों का किया निरीक्षण, दस्तावेज और प्रमाणपत्र न मांगने के दिए निर्देश
बरेली में जनगणना की तैयारियों को लेकर डीएम ने कार्मिकों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा कि निर्धारित सवाल ही पूछें और प्रक्रिया के दौरान किसी व्यक्ति से दस्तावेज या प्रमाणपत्र न मांगें।
बरेली, अमृत विचार। जनगणना के दौरान प्रगणक अपनी ओर से कोई सवाल नहीं जोड़ सकेंगे। उन्हें निर्धारित 40 सवाल ही पूछने होंगे। किसी भी व्यक्ति से दस्तावेज या प्रमाणपत्र भी नहीं मांगा जाएगा। डीएम अविनाश सिंह ने बुधवार को प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा।
डीएम ने राजकीय पॉलिटेक्निक, सीबीगंज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बरेली में चल रहे प्रशिक्षण का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों का आधार बनते हैं। ऐसे में सभी कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक प्रक्रिया को गंभीरता से समझें, ताकि फील्ड में किसी तरह की चूक न हो।
उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि किसी भी बिंदु पर संदेह होने पर प्रशिक्षकों से उसका समाधान जरूर कराएं। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। सभी कार्मिक निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सतर्कता और जिम्मेदारी से अपने दायित्व निभाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा और एसीएम द्वितीय आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बरेली में डीएम अविनाश सिंह ने जनगणना प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। प्रगणकों को निर्धारित 40 सवाल पूछने और लोगों से दस्तावेज या प्रमाणपत्र नहीं मांगने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें-प्याज-लहसुन की खेती करने वाले किसानों के लिए मौका, पहले आवेदन पर मिलेगा बीज
