यूपी बोर्ड: लखीमपुर खीरी में परीक्षा से पहले नौ प्रधानाचार्यों ने केंद्र बनाने से किया इनकार

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

लखीमपुर खीरी में 143 प्रस्तावित केंद्रों पर मिलीं 61 आपत्तियां, डीएम की अध्यक्षता में बैठक के बाद भेजा जाएगा संशोधित प्रस्ताव

लखीमपुर खीरी में यूपी बोर्ड परीक्षा के 143 प्रस्तावित केंद्रों पर 61 आपत्तियां मिली हैं। नौ प्रधानाचार्यों ने अपने विद्यालय में केंद्र बनाए जाने पर असहमति जताई है। डीएम की बैठक में आपत्तियों का निस्तारण होगा।

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची पर आपत्तियां आने लगी हैं। जिले के 143 प्रस्तावित केंद्रों के सापेक्ष कुल 61 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इनमें नौ विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने अपने यहां परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर असहमति जताई है। इसके अलावा केंद्र बनाने, निरस्त करने, छात्र संख्या घटाने और दूरी से संबंधित आपत्तियां भी आई हैं। इनका निस्तारण जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में किया जाएगा।

डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा के अनुसार, बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव में 17 राजकीय, 42 अशासकीय सहायता प्राप्त और 84 वित्तविहीन विद्यालयों को शामिल किया गया है। प्रस्तावित केंद्रों को लेकर प्रधानाचार्यों और संबंधित विद्यालयों से आपत्तियां मांगी गई थीं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कुल 61 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।

इनमें 21 आवेदन परीक्षा केंद्र बनाए जाने, नौ केंद्र निरस्त करने, 10 छात्र संख्या कम करने, सात दूरी कम कर केंद्र बनाने और पांच केंद्र परिवर्तन से संबंधित हैं। शेष नौ आपत्तियां केंद्र की दूरी कम करने को लेकर मिली हैं। सभी आपत्तियों की जांच के बाद उन्हें डीएम की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में रखा जाएगा। बैठक में निर्णय के बाद संशोधित प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजा जाएगा। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची बोर्ड स्तर से निर्धारित की जाएगी।

जिले में यूपी बोर्ड से मान्यता प्राप्त कुल 415 विद्यालय हैं। ऐसे में प्रस्तावित केंद्रों पर आई आपत्तियों के निस्तारण के बाद परीक्षा केंद्रों की तस्वीर साफ हो सकेगी।

तहसीलवार आपत्तियां

लखीमपुर में 17, गोला में 12, निघासन में नौ, मितौली और मोहम्मदी में आठ-आठ, धौरहरा में पांच और पलिया में दो आपत्तियां मिली हैं। जिले में कुल 61 आपत्तियां दर्ज की गई हैं।

ये भी पढ़ें- बदायूं में सफाई व्यवस्था धड़ाम, सड़कों पर बह रहा नालियों का गंदा पानी

संबंधित समाचार