शादी के 20 घंटे बाद ही उजड़ गया सुहाग! कमरे में फंदे से लटका मिला दूल्हा, बिस्तर पर पड़ी थी दुल्हन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

शादी के महज 20 घंटे बाद नवदंपती की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, कमरे में फंदे से लटका मिला दूल्हा और बिस्तर पर मृत मिली दुल्हन।

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से नवदंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव में शादी के करीब 20 घंटे बाद नवविवाहित युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रेम संबंध के बाद तय हुई थी शादी

जनियाजोत गांव निवासी मुकेश चौहान के 21 वर्षीय बेटे देशराज चौहान का जोगिया थाना क्षेत्र के कड़जहवा गांव निवासी 19 वर्षीय अनीता से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के रिश्ते को परिवारों की सहमति मिलने के बाद आगामी अप्रैल में शादी तय की गई थी।

देशराज करीब 20 दिन पहले मुंबई से अपने गांव लौटा था। उसके गांव लौटने की जानकारी अनीता को हुई तो वह उसके घर पहुंच गई और वहीं रहने लगी।

टेकधर मंदिर में हुई शादी

दोनों परिवारों की आपसी सहमति के बाद सोमवार दोपहर करीब दो बजे बांसी स्थित प्रसिद्ध टेकधर मंदिर में देशराज और अनीता का विवाह कराया गया। शादी के बाद घर में रिश्तेदारों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन भी हुआ। दावत के बाद परिवार और रिश्तेदार सोने चले गए।

Siddharthnagar News

सुबह कमरे में मिला खौफनाक मंजर

मंगलवार सुबह देशराज की मौसी नवदंपती को जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर पहुंचते ही उनकी चीख निकल गई। देशराज साड़ी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि बिस्तर पर अनीता मृत अवस्था में पड़ी थी।

परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देशराज के पिता ने तत्काल बांसी कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस नवदंपती की मौत की परिस्थितियों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ेंः कानपुर में FSDA की ताबड़तोड़ रेड, 10 फास्ट फूड आउटलेट बंद; किचन में मिलीं कई खामियां

संबंधित समाचार