Bahraich Power Crisis: 10 दिन से बिजली गुल, फूटा उपभोक्ताओं का गुस्सा; पावर हाउस के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन
संचार माध्यम से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित, ग्रामीणों ने जल्द आपूर्ति बहाल न होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
बहराइच के खैरीघाट क्षेत्र में 10 दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज सैकड़ों उपभोक्ताओं ने बेहड़ा पावर हाउस के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
खैरीघाट, बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र के इमामगंज-महसी मार्ग पर बेहड़ा पावर हाउस के सामने बिजली संकट से परेशान सैकड़ों उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले 10 दिनों से इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप है। बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए कर्मचारी और अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कथित तौर पर किसी ने फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझा।
अतिवृष्टि में टूटे आठ पोल, अब तक नहीं हुई मरम्मत
प्रदीप कुमार सिंह, जयंकर सिंह समेत अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले हुई अतिवृष्टि के दौरान बेहड़ा पावर हाउस से बेलामकन गांव के बीच लगभग आठ बिजली के पोल टूट गए थे। पोल टूटने के बाद से ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित है।
ग्रामीणों का कहना है कि लाइन दुरुस्त कराने के लिए विद्युत विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कोई फोन रिसीव नहीं कर रहा है।
पढ़ाई और संचार व्यवस्था पर पड़ा असर
लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा दूरसंचार माध्यम और अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हैं। ग्रामीणों के मुताबिक रात के समय अंधेरा होने के कारण कीड़े-मकोड़ों और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा।
यह भी पढ़ेंः Moradabad News: दो माह से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ पिंजरे में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
