'योगी की पाती' का 50वां संस्करण पूरा : मुख्यमंत्री योगी ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया
लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 'योगी की पाती' महज पत्रों का संग्रह नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से आत्मीय संवाद का माध्यम है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'योगी की पाती' के 50 संस्करणों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसमें वनटांगिया समुदाय के संघर्ष, इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण, सरकारी स्कूलों में सुधार और वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे आम लोगों से आत्मीय संवाद का माध्यम बताया।
लखनऊ, अमृत विचार। वनटांगिया समुदाय के संघर्ष, सरकारी स्कूलों की बदहाली और इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौतों जैसी समस्याओं से लेकर प्रदेश में हुए बदलावों तक की कहानी अब किताब के पन्नों पर दर्ज होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 'योगी की पाती' के 50 संस्करणों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 'योगी की पाती' महज पत्रों का संग्रह नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से आत्मीय संवाद का माध्यम है।
पुस्तक विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय के लिए किए गए अपने प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि गोरखपुर के वनटांगिया गांवों में बच्चों की पढ़ाई के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से वन विभाग के एक शेड को ठीक कराकर स्कूल शुरू कराया गया था। इस पर तत्कालीन सरकार और वन विभाग ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। उस समय वनटांगिया परिवार बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित थे।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2122212955953811618?a=lhsKIlm1LzXiqvtvFXc&s=20
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वनटांगिया समुदाय को अधिकार दिलाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया गया। वर्ष 2007-08 में केंद्र सरकार से वन अधिकार कानून में संशोधन कराया गया, लेकिन प्रदेश में 2017 तक इसे प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया था। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद वनटांगिया समुदाय की 54 बस्तियों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया। इसके बाद इन परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि मुसहर, थारू, चेरो, गौड़ और कोल जैसी अति पिछड़ी जातियों को भी आवास सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौतों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस की समस्या को याद करते हुए कहा कि पहले जुलाई से नवंबर के बीच बड़ी संख्या में बच्चे इस बीमारी की चपेट में आते थे और सैकड़ों की जान चली जाती थी। उस समय अस्पतालों में बिजली, पंखों और जीवनरक्षक उपकरणों तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस पूरी तरह समाप्त हो गया है और बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।
96 प्रतिशत स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं
शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल संसाधनों की कमी से जूझ रहे थे। बड़ी संख्या में बच्चे, विशेषकर छात्राएं, नंगे पैर स्कूल जाने को मजबूर थीं। उन्होंने बताया कि 'ऑपरेशन कायाकल्प' के तहत जनभागीदारी से 96 प्रतिशत विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। प्रदेश के 1.60 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से वर्दी, बैग, किताबें और जूते-मोजे के लिए धनराशि भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के बच्चों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अटल आवासीय विद्यालयों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालयों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 'योगी की पाती' के जरिए युवाओं, छात्रों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों से जुड़े ऐसे मुद्दों को सामने लाया गया है, जिनकी जानकारी अक्सर आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 'संवाद यात्रा' पर आधारित प्रदर्शनी का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस अवसर पर 'योगी की पाती' पर बनी एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इससे पहले अपर मुख्य सचिव (सूचना) ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
