Hardoi News : आंगन में खेलते-खेलते अचानक गायब हुआ 2 साल का अनमोल, रातभर तलाश; सुबह बाढ़ के पानी में मिली लाश
हरदोई के बिलग्राम में घर के पीछे गंगा नदी की बाढ़ के पानी में डूबा मिला मासूम, सीएचसी पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
हरदोई के बिलग्राम में आंगन में खेल रहा दो साल का मासूम अनमोल अचानक गायब हो गया। पूरी रात तलाश के बाद शनिवार सुबह वह घर के पीछे गंगा नदी की बाढ़ के पानी में डूबा मिला। परिजन उसे सीएचसी ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
हरदोई, अमृत विचार। हरदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में गंगा नदी की बाढ़ के पानी ने दो साल के मासूम की जान ले ली। चिरंजूपुरवा मजरा कटरी बिछुइया गांव में आंगन में खेल रहा मासूम अनमोल अचानक गायब हो गया।
परिजनों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पूरी रात उसकी तलाश जारी रही। शनिवार सुबह घर के पीछे गंगा नदी की बाढ़ के पानी में मासूम डूबा मिला। परिजन उसे लेकर सीएचसी बिलग्राम पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो चुकी थी।
आंगन में खेल रहा था मासूम, अचानक हो गया गायब
चिरंजूपुरवा मजरा कटरी बिछुइया निवासी सियाराम खेती-किसानी करते हैं। उनके तीन बेटों में दो साल का अनमोल सबसे छोटा था। शुक्रवार देर शाम उसकी मां सुनीता घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अनमोल आंगन में खेल रहा था। कुछ देर बाद जब परिजनों ने देखा तो वह वहां नहीं था। काफी देर तक अनमोल दिखाई नहीं दिया तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के घरों और गांव में खोजबीन की गई, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला। रात गुजर गई, फिर भी परिवार उसकी तलाश करता रहा।
सुबह बाढ़ के पानी में मिला मासूम
शनिवार सुबह पिता सियाराम अपने भाई वेदराम के साथ अनमोल को खोज रहे थे। इसी दौरान घर के पीछे गंगा नदी की बाढ़ के पानी में मासूम डूबा हुआ मिला। परिजनों ने उसे पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में सीएचसी बिलग्राम लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही अनमोल की मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम के शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें:-हरदोई में गोमती का कहर! 30 से ज्यादा गांव पानी में डूबे, जिंदगी बेहाल; अब तक नहीं पहुंची राहत सामग्री
