UP Police : दारोगा बने पुलिस कर्मियों की बल्ले-बल्ले, योगी सरकार ने माफ किए 84.56 करोड़

Amrit Vichar Network
On

आरक्षी और कंप्यूटर ऑपरेटर से उपनिरीक्षक बने अभ्यर्थियों को मिली राहत, प्रत्येक की आठ लाख रुपये की बांड राशि की रिकवरी होगी माफ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी और कंप्यूटर ऑपरेटर से उपनिरीक्षक बने 1057 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने प्रशिक्षण के दौरान जमा कराई गई आठ-आठ लाख रुपये की बांड राशि की रिकवरी माफ कर दी है। इससे कुल 84 करोड़ 56 लाख रुपये की रिकवरी माफ होगी।

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस विभाग के 1057 कर्मियों को बड़ी राहत दी है। परीक्षा के माध्यम से उपनिरीक्षक (दारोगा) पद पर चयनित 1030 आरक्षियों और 27 कंप्यूटर ऑपरेटरों की आठ-आठ लाख रुपये की बांड राशि की रिकवरी माफ कर दी गई है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से कुल 84 करोड़ 56 लाख रुपये की रिकवरी माफ होगी।

1057 पुलिसकर्मियों को मिली आर्थिक राहत

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी और कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत इन अभ्यर्थियों ने विभागीय व्यवस्था के तहत परीक्षा में शामिल होकर उपनिरीक्षक पद पर चयन हासिल किया था। चयन के बाद प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी से आठ लाख रुपये की बांड राशि जमा कराई गई थी। इस राशि की रिकवरी को लेकर अभ्यर्थी परेशान थे और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राहत देने की मांग की थी।

मुख्यमंत्री ने माफ की बांड राशि की रिकवरी

अभ्यर्थियों की मांग पर संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने बांड राशि की रिकवरी माफ करने का निर्णय लिया। इससे 1030 आरक्षियों और 27 कंप्यूटर ऑपरेटरों समेत कुल 1057 पुलिसकर्मियों को राहत मिलेगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को आठ लाख रुपये की आर्थिक राहत मिलने से उनके ऊपर रिकवरी का बोझ खत्म होगा।

छह नवंबर को 4543 नवचयनित दरोगाओं को मिले थे नियुक्ति पत्र

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह नवंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 4543 नवचयनित उपनिरीक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ ही पुलिस बल को आधुनिक, सक्षम और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया था।

यह भी पढ़ें:- Jagdeep Dhankhar : पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ सुबह की सैर के दौरान बिगड़ी तबियत, एम्स में कराया गया भर्ती

 

संबंधित समाचार