शारदीय नवरात्र : माँ बेल्हा देवी धाम में सुरक्षा-व्यवस्था चाक चौबंद, जायजा लेने पहुंचे एसपी दीपक भूकर
प्रतापगढ़ अमृत विचार : शारदीय नवरात्र पर मां बेल्हा देवी धाम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार की शाम पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर माँ बेल्हा देवी धाम पहुँचे। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर धाम परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया।
एसपी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बनाई गई बैरीकेडिंग का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य मंदिर, अन्य सभी मंदिरों और पूजन स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सुरक्षा की दृष्टि से सई नदी घाट का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने मातहत पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
24 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां बेल्हा देवी धाम में माता के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है।
मंदिर परिसर, प्रवेश द्वारों और मुख्य मार्गों पर कुल 24 नए और आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे हर गतिविधि पर कंट्रोल रूम से पैनी नजर रखी जा रही है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल, पीएसी और एलआईयू को भी तैनात किया गया है।
मेलार्थियों और दर्शनार्थियों की कतारों को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है ताकि किसी भी तरह की भगदड़ या असुविधा से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें : प्रतापगढ़ : अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव में पूर्वजों को दी अनोखी श्रद्धांजलि, पौधे बनकर महकेंगे पुरखे
