Pratapgarh News : रामपुर बावली में लाइन ठीक करते समय करंट से संविदा लाइनमैन की मौत, एसएसओ समेत बिजलीकर्मियों पर केस

Amrit Vichar Network
On

प्रतापगढ़ में बिजली आपूर्ति चालू होने से हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के बाद उपकेंद्र के सामने शव रखकर परिजनों ने की जमीन आवंटन की मांग; पत्नी को पेंशन और नौकरी का भी आश्वासन

प्रतापगढ़ के रामपुर विद्युत उपकेंद्र में तैनात संविदा लाइनमैन संतोष कौशल की लाइन ठीक करते समय करंट लगने से मौत हो गई। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने एसएसओ समेत बिजली आपूर्ति से जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। विभाग ने परिवार को 10 लाख रुपये बीमा और पत्नी को पेंशन व विद्युत सखी की सेवा में समायोजित करने का लिखित आश्वासन दिया है।

प्रतापगढ़, अमृत विचार : लाइन ठीक करते समय अचानक विद्युत आपूर्ति होने से संविदा लाइन मैन की मौत को लेकर लालगंज कोतवाली पुलिस ने एसएसओ समेत सप्लाई से जुड़े विद्युत कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। रविवार को दोपहर बाद मृतक का शव पीएम के बाद रामपुर बाजार पहुंचा तभी परिजनों में चीख पुकार मच गई। मृतक का शव विद्युत उपकेन्द्र के सामने रखकर जमीन आवंटन की मांग करने लगे। 

वहीं विभाग में मृतक लाइनमैन के परिजनों को बीमा के तहत 10 लाख रूपये की सहायता दिये जाने का लिखित आश्वासन दिया है। हालांकि परिजनों की मांग पर उपकेन्द्र में तैनात जेई कमलेश कुमार यादव ने मृतक की पत्नी को पेंशन, पीएफ भुगतान तथा उसे विद्युत सखी की सेवा में समायोजित करने का लिखित आश्वासन भी दिया है। 

लालगंज कोतवाली के रामपुर बावली निवासी संतोष कौशल रामपुर विद्युत उपकेन्द्र में संविदा लाइनमैन तैनात था। शानिवार को वह क्षेत्र सराय जानमती बबुरी में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की विद्युत सप्लाई को ठीक करने गया था। अचानक लाइन में सप्लाई आ जाने से वह कांट की चपेट में आ गया। इसके चलते उसकी मौत हो गयी। लालगंज ट्रामा सेंटर में लाइनमैन की मौत को लेकर घटना की देर शाम तक परिजनों ने हंगामा किया। 

लिखित आश्वासन के बाद शव देर रात पीएम के लिये भेजवाया गया। मृतक की पत्नी अंबिका देवी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि पावर हाउस पहुंचने पर उसके पति को एसडीओ के आदेश पर जेई ने सहायक प्रकाश श्रीवास्तव के साथ लाइन ठीक करने भेजा। सप्लाई ठीक करने को लेकर मृतक ने उपकेन्द्र पर तैनात एसएसओ दान बहादुर सिंह को फोन से सूचना दी। 

बावजूद इसके विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से आपूर्ति चालू कर दी गयी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एसएसओ समेत सप्लाई से जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है,जांच कर कार्रवाही की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-UP Elections 2027 : आगरा दलित सम्मेलन में गरजे अखिलेश, कहा- अंगद का पैर कहने वालों की जमीन खिसक जाएगी

संबंधित समाचार