रायबरेली : सीएमएस साहब! अस्पताल नहीं संभल रहा तो बाहर लगा दीजिए नो एंट्री का बोर्ड
भाजपा जिलाध्यक्ष और सीएमएस में तीखी तकरार, सीएमएस ने कसा तंज हमें मैनपावर दिला दीजिए
जिला पुरुष अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं किस कदर वेंटिलेटर पर हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के भीतर जवाबदेही का कितना अभाव है, इसकी बानगी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने सार्वजनिक कर दी है। अपनी ही सरकार की किरकिरी होते देख और अस्पताल की चरमराई व्यवस्थाओं से आक्रोशित भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार को जमकर आड़े हाथों लिया।
संवाददाता, रायबरेली : जिला पुरुष अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं किस कदर वेंटिलेटर पर हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के भीतर जवाबदेही का कितना अभाव है, इसकी बानगी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने सार्वजनिक कर दी है। अपनी ही सरकार की किरकिरी होते देख और अस्पताल की चरमराई व्यवस्थाओं से आक्रोशित भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार को जमकर आड़े हाथों लिया। तीखी नोकझोंक के बीच जिलाध्यक्ष ने सीएमएस को दो टूक शब्दों में चेतावनी दे डाली कि सीएमएस साहब! अस्पताल नहीं संभल रहा तो बाहर लगा दीजिए नो एंट्री का बोर्ड। हालांकि इसमें सीएमएस भी तंज कसने में पीछे नहीं रहे। उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमें मैनपावर दिला दीजिए।
मामला तब गरमाया जब भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी कार्यकर्ता का हालचाल जानने जिला पुरुष अस्पताल पहुंचे। वहां वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों की दुर्दशा और फैली अव्यवस्थाओं को देख उनका पारा चढ़ गया। मौके पर डॉ. प्रवीण पाल की अनुपस्थिति और लचर प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार को तलब किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि व्यवस्था संभाली नहीं जा रही, तो "सीधे-सीधे अस्पताल के बाहर बोर्ड लगा दीजिए कि हमारे यहां कोई मरीज न आए, यहां कोई व्यवस्था नहीं है।" अपनी खामियों पर पर्दा डालने और व्यवस्था सुधारने के बजाय सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार उल्टा सत्ताधारी दल के जिलाध्यक्ष से ही भिड़ते नजर आए। खामियां गिनाने पर सीएमएस ने बेतुका तर्क देते हुए कहा कि "आप हमें मैनपावर दिला दीजिए।" इतना ही नहीं, वार्ड में मरीजों और तीमारदारों के प्रति सीएमएस के रूखे व कड़क व्यवहार को लेकर जब जिलाध्यक्ष ने उन्हें नसीहत दी कि "वार्ड में थोड़ा सामान्य तरीके से बोलिए", तो सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने अकड़ दिखाते हुए जवाब दिया, "मेरी तो आवाज ही ऐसी है सर।"
सीएमएस के इस अड़ियल रवैये और लापरवाह कार्यप्रणाली पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने बेहद कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि आपका काम हर मरीज के पास जाना भले न हो, लेकिन अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त रखना आपकी ही जिम्मेदारी है। जिलाध्यक्ष ने दो टूक कहा, "ऐसे काम नहीं चलेगा। आप ऊपर लिखकर भेजिए, वरना हम खुद उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से बात करेंगे कि जिला अस्पताल की यह दुर्दशा है। इस तरह आप सीधे सरकार की छवि खराब कर रहे हैं।" अस्पताल में इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। वायरल वीडियो में बातचीत के दौरान डॉ. जेके लाल, भाजपा नेता पुष्पेंद्र सिंह आदि लोग नजर आ रहे हैं।
डीएम बोली मैं खुद परेशान हूं...
वायरल वीडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि जब जिला पुरुष अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर डीएम से बात की तो उन्होंने कहा कि मैं खुद परेशान हूं। जो कि बेहद गंभीर बात है। इससे यह भी प्रतीत होता है कि जिला अस्पताल की इन बेलगाम अव्यवस्थाओं से हर रोज न जाने कितने असहाय व गरीब मरीज और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सीएमएस बोले- अस्पताल में कोई अव्यवस्था नहीं
रायबरेली स्थित जिला पुरुष चिकित्सालय डॉ. पुष्पेंद्र कुमार के मुताबिक जिला अस्पताल में किसी भी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं है। यहां आने वाले सभी मरीजों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल में समय से आकर डॉक्टर रोगियों को परामर्श दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : मलिहाबाद में रहस्यमयी मौतों का कहर, तीन दिन में एक ही परिवार के तीन बच्चों ने तोड़ा दम, गांव में दहशत
