PM Modi Varanasi Visit : काशी में आज पीएम मोदी, गंगा के ऊपर देखेंगे वायुसेना का शौर्य, अरविंद लिमिटेड की औद्योगिक इकाई का करेंगे उद्घाटन,

Amrit Vichar Network
On

मिर्जामुराद में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी औद्योगिक इकाई का करेंगे उद्घाटन, नमो घाट पर भारतीय वायुसेना का एयर शो देखेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखेंगे। इकाई में करीब एक हजार स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना है।

लखनऊ/वाराणसी, अमृत विचार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। वह मिर्जामुराद के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखेंगे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री के दौरे की शुरुआत औद्योगिक इकाई के उद्घाटन से होगी। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ में स्थापित इस इकाई में अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधान तैयार किए जाएंगे। यहां लगभग एक हजार स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना है। प्रधानमंत्री इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी करीब 300 महिला कर्मचारियों से संवाद भी करेंगे। इकाई में तैयार उत्पादों के निर्यात की भी योजना है।

गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का दमखम

प्रधानमंत्री नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के हवाई करतब देखेंगे। वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एरियल डिस्प्ले के अंतिम दिन लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों और अन्य विमानों के जरिए हवाई शक्ति का प्रदर्शन होगा। गंगा और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में होने वाला यह एयर शो लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगा।

13 स्थानों पर स्वागत की तैयारी

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक 13 स्वागत बिंदु बनाए गए हैं। यहां ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा से उनका अभिनंदन करने की तैयारी है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल होंगी।

यह भी पढ़ें:-UP News : यूपी के किसानों को मुफ्त मिलेंगे चना, मटर और मसूर के बीज, सरसों पर भी सब्सिडी, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

 

संबंधित समाचार