हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: तलवार से काटकर मां, भाई और भाभी की हत्या करने वाले संजय सिंह की फांसी रद्द

Amrit Vichar Network
On

कोर्ट ने माना कत्ल के वक्त मानसिक रूप से था बीमार, अब अस्पताल में चलेगा इलाज

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने टिहरी गढ़वाल के ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा फैसला सुनाया है। अपनी मां, भाई और भाभी की हत्या के आरोप में फांसी की सजा पा चुके संजय सिंह को कोर्ट ने बरी कर दिया है। अदालत ने माना कि घटना के वक्त संजय मानसिक रूप से बीमार था, इसलिए उसे IPC की धारा 84 का लाभ दिया गया। हालांकि, उसकी दिमागी हालत और सुरक्षा को देखते हुए उसे तुरंत रिहा नहीं किया जाएगा, बल्कि देहरादून के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में इलाज के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।

नैनीताल, अमृत विचार: टिहरी गढ़वाल के गुमाल गांव में साल 2014 में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर केस में उत्तराखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला आया है। कोर्ट ने अपनी मां, भाई और भाभी की हत्या के जुर्म में फांसी की सजा काट रहे संजय सिंह को बरी कर दिया है।

कोर्ट ने क्या कहा?

न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की बेंच ने कहा कि जब यह वारदात हुई, उस वक्त संजय सिंह दिमागी रूप से ठीक नहीं था। उसे यह समझ ही नहीं था कि वह क्या कर रहा है और उसका यह कदम कानून के खिलाफ है। कानून की भाषा में इसे 'भारतीय दंड संहिता की धारा 84' का फायदा मिलना कहते हैं। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने निचली अदालत का फांसी का फैसला रद्द कर दिया।

क्या तुरंत जेल से बाहर आएगा संजय?

नहीं, कोर्ट ने साफ कर दिया है कि भले ही संजय सिंह बरी हो गया है, लेकिन उसे यूं ही खुले में नहीं छोड़ा जा सकता। उसकी मौजूदा मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे देहरादून (सेलाकुई) के राज्य मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में सुरक्षित रखा जाएगा, जहां उसका इलाज चलेगा। सरकार को निर्देश दिए गए हैं कि जब वह पूरी तरह ठीक हो जाए, तो उसके रहने और पुनर्वास का इंतजाम किया जाए।

क्या था पूरा मामला?

यह मामला 13 दिसंबर 2014 का है। संजय सिंह पर आरोप था कि उसने तलवार से हमला करके अपनी मां मीना देवी, सगे भाई सुरेंद्र सिंह और गर्भवती भाभी कांता देवी की जान ले ली थी।

टिहरी की निचली अदालत ने 2021 में उसे फांसी की सजा सुनाई थी। लेकिन हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान दिमागी बीमारी के नियमों का पालन न होने पर फैसला रद्द कर दिया था। इसके बाद निचली अदालत ने फरवरी 2026 में फिर से उसे फांसी की सजा सुना दी, जिसे संजय ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। अब हाईकोर्ट ने उसे सभी आरोपों से बरी कर दिया है।

यह भी पढ़ें: 4 बजे डिटेन, 5 बजे रिहा, अंकिता भंडारी के माता- पिता को दिल्ली पुलिस ने उठाया

संबंधित समाचार