बरेली: प्रसूता से स्टाफ परेशान, जान देने के लिए फंदा लगाने की कर रही कोशिश

जिला महिला अस्पताल में तीन दिन पूर्व हुआ था अज्ञात महिला का प्रसव 

बरेली: प्रसूता से स्टाफ परेशान, जान देने के लिए फंदा लगाने की कर रही कोशिश

बरेली, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में भर्ती प्रसूता से मरीज और स्टाफ परेशान है। रविवार को प्रसूता ने जान देने की कोशिश की। एक सप्ताह पूर्व जंक्शन के पास एंबुलेंस स्टाफ को गर्भवती मिली थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।तीन दिन पहले उसका प्रसव हुआ था। होश में आने के बाद उसने पहले तो स्टाफ पर बच्चा चोरी का झूठा आरोप लगाया फिर वार्ड में जमकर उत्पात मचाया। 

रविवार सुबह स्टाफ की सांसें उस समय अटक गईं, जब महिला ने चादर से फंदा बनाकर पंखे से लटकने की कोशिश की। इस पर घबराए स्टाफ ने तुरंत सीएमएस को सूचना दी। बताते हैं कि महिला मानसिक मंदित है।

पूछताछ कर पुलिस ने झाड़ा पल्ला
स्टाफ के अनुसार महिला का बच्चा स्वस्थ है। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह कहां की रहने वाली है, उसे कुछ पता नहीं है। ऐसे में उसे डिस्चार्ज करना भी चुनौती है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस और नारी निकेतन को कई बार सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने महिला से पूछताछ की, लेकिन अस्पताल से महिला को ले जाने के लिए कोई भी आगे नहीं आ रहा है। महिला के उत्पात से मरीजों और स्टाफ परेशान है।

ये भी पढे़ं-  बरेली: शत प्रतिशत पशुओं की 30 तक करनी होगी ईयर टैगिंग, शासन से दो लाख टैक की डिमांड