हल्द्वानी: पहाड़ से मैदान तक पारे ने दी थोड़ी राहत, तापमान में चार डिग्री की कमी

हल्द्वानी: पहाड़ से मैदान तक पारे ने दी थोड़ी राहत, तापमान में चार डिग्री की कमी

हल्द्वानी, अमृत विचार। मई माह के अंतिम सप्ताह में पड़ी प्रचंड गर्मी से अब थोड़ी राहत मिल रही है। अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। पहाड़ से लेकर मैदान तक गर्मी में आई कमी के बाद अब बारिश होने के आसार जताये जा रहे हैं। 

30 और 31 मई को हल्द्वानी में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया था। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया था। जिससे लोग परेशान हो उठे थे। सूरज की तपिश के साथ ही गर्म लू के थपेड़ों से लोगों का दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। विगत दो दिनों से अधिकतम तापमान में कमी आई है।

पारे में पिछले चार दिनों की अपेक्षा चार डिग्री की कमी आई है। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तो सोमवार को 38.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, मुक्तेश्वर में भी विगत दिनों अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यहां सोमवार को पारा 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार पहाड़ों में बारिश के आसार हैं। मंगलवार और बुधवार को मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और बारिश हो सकती है।

पहाड़ों में बारिश का क्रम जारी
पहाड़ों में बारिश होने का सिलसिला जारी है। कपकोट और बेरीनाग में 10-10 मिमी, मुनस्यारी में 4.2 मिमी और डीडीहाट में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कुमाऊं के बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चम्पावत जिलों में पिछले दो सप्ताह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश से पहाड़ों में वनाग्नि की समस्या पर काफी अंकुश लगा है।

मानसून समय से पहले पहुंचने के आसार
उत्तराखंड में इस बार मानसून समय से पहले पहुंच सकता है। राज्य में मानसून आने की औसत तारीख 20 से 21 जून है। माना जा रहा है कि इस बार मानसून 20 जून से पहले ही पहुंच जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून सही रफ्तार से चल रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के अनुसार अगर मानसून की यही रफ्तार रही तो उत्तराखंड में अगले दो सप्ताह बाद मानसून आ सकता है।