पंंतनगर: दिवाली से पहले ठंड का अहसास, पछुआ हवाएं देंगी राहत

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

पंतनगर, अमृत विचार। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात का उत्तराखंड में आंशिक असर दिख रहा है, जिसके चलते अक्टूबर के अंत तक तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना रह सकता है। हालांकि, दिवाली से शुरू होने वाली पछुआ हवाएं जल्द ही लोगों को ठंड का अहसास कराएंगी।

जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि इस समय दिन में धूप निकलने से वातावरण में नमी की कमी हो रही है। उन्होंने कहा कि ठंड का अनुभव दो तरीकों से होता है: एक, जब पहाड़ों से ठंडी हवाएं नीचे आती हैं, और दूसरा, जब राजस्थान से पछुआ हवाएं प्रदेश में प्रवेश करती हैं। वर्तमान में प्रदेश में दक्षिण और पूर्वी हवाएं चल रही हैं।

डॉ. सिंह ने बताया कि अक्टूबर के अंत से दिवाली के आसपास राजस्थान से पछुआ हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ जाएगी और लोग कंपकंपाने पर मजबूर हो सकते हैं।

अल-नीनो का प्रभाव समाप्त, ला-नीना का आगमन

डॉ. सिंह ने आगे कहा कि इस बार की सर्दियों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है, क्योंकि अल-नीनो का प्रभाव खत्म हो चुका है और नवंबर में ला-नीना बनना शुरू होगा, जो दिसंबर के अंत तक अपने चरम पर पहुंच जाएगा। इससे सर्दियों में अधिक ठंड महसूस होगी।

यह भी पढ़ें - लालकुआं-बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस कल से होगी शुरू

संबंधित समाचार