बाराबंकी : अर्नब तूफान ने पूरे दिन कराई बारिश, बेदम हुआ किसान
जिले में शुक्रवार सुबह से देर शाम तक जारी रहा बारिश का सिलसिला, बेहाल किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
अर्नब तूफान का असर शुक्रवार को बाराबंकी में दिखा। सुबह से बारिश का सिलसिला शुरु हुआ तो देर शाम तक रुकने का नाम नहीं लिया। इस बारिश के चलते तापमान में खासी गिरावट तो हुई ही साथ ही पहले से बेहाल किसान की मेहनत पर खतरा मंड़रा रहा है। खेतों में बिछी धान की फसल खराब होने के आसार हैं, साथ ही आलू की बोवाई व सरसों पर भी असर पड़ना तय है।
बाराबंकी, अमृत विचार : अर्नब तूफान का असर शुक्रवार को बाराबंकी में दिखा। सुबह से बारिश का सिलसिला शुरु हुआ तो देर शाम तक रुकने का नाम नहीं लिया। इस बारिश के चलते तापमान में खासी गिरावट तो हुई ही साथ ही पहले से बेहाल किसान की मेहनत पर खतरा मंड़रा रहा है। खेतों में बिछी धान की फसल खराब होने के आसार हैं, साथ ही आलू की बोवाई व सरसों पर भी असर पड़ना तय है।
एक दिन पूर्व आसमान पर छाए रहे बादल छंटे तो करवाचौथ पर्व के लिए चांद का दीदार हो गया पर शुक्रवार की सुबह अलग ही रही, बूंदाबांदी के बाद मध्यम बारिश ने पूरे जिले को भिगो दिया। बादल इस तरह बरसे कि शुक्रवार को लगने वाली साप्ताहिक बाजार ठीक से नहीं लग सकी और दैनिक कामकाज भी खासा प्रभावित हुआ। सरकारी कार्यालयों में छुट्टी का माहौल रहा। हालांकि पेट परीक्षा के चलते कक्षा 12 तक के स्कूलों में पहले ही अवकाश कर दिया गया था। लगातार बारिश से शहर में सन्नाटा पसरा रहा और जरूरी होने पर ही लोग घर से बाहर निकले। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हुई बारिश ने बाहर निकलना दूभर कर दिया। दूसरी ओर अर्नब तूफान के चलते हो रही बारिश ने खेती किसानी पर गहरा आघात किया है। खेतों में पहले खराब हुए मौसम के चलते बिछी पड़ी धान की फसल के सड़ने का खतरा बढ़ गया है। किसान अभी संयत नहीं हुआ था कि फिर मौसम बिगड़ गया। यही हाल आलू व सरसों की खेती का है। आलू बोवाई पिछड़ने की संभावना है तो सरसों को भी बारिश नुकसान पहुंचाएगी। किसान नेता विक्रांत सैनी के अनुसार यह बेमौसम बारिश किसानों की मेहनत पर पानी फेर रही है।
बारिश के फसल बचाने में जुटे किसान
रामसनेहीघाट में शुक्रवार सुबह से रुक-रुककर हो रही बेमौसम बारिश से तहसील क्षेत्र के बनीकोडर, मालिनपुर, मुरारपुर, शीतलपुर, शाहपुर, इटहुआ, जमोली समेत कई गांवों में बारिश से फसलों पर असर पड़ा है। खेतों में नमी बढ़ने से कटाई और मड़ाई का काम भी प्रभावित होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि पहले हुई बारिश से भी फसलों को नुकसान पहुंचा था, अब दोबारा बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। किसानों को उपज खराब होने और आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है। मौसम साफ होने की उम्मीद में किसान अपनी भीगी फसल को बचाने में जुटे हैं।
