संपादकीय : गिरती राजनीतिक मर्यादा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

क्या एक पक्ष की अशोभनीय भाषा दूसरे को देती है अमर्यादित होने की छूट?

भारतीय राजनीति में व्यक्तिगत अपमान और अमर्यादित भाषा के बढ़ते चलन पर पढ़ें हमारा विशेष संपादकीय 'गिरती राजनीतिक मर्यादा'।

भारतीय राजनीति में आलोचना और व्यक्तिगत अपमान के बीच की सीमा लगातार धुंधली हो रही है। असहमति के लिए अमर्यादित भाषा को कभी स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध की धार भाषा की अशिष्टता से नहीं, तर्कों की प्रखरता से पहचानी जाती है। राजनीतिक अभिव्यक्ति में शब्दों का चयन भी जिम्मेदारी का हिस्सा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री पर हालिया टिप्पणी निःसंदेह अत्यंत अशोभन है। 

कांग्रेस की सफाई कि खरगे का आशय प्रधानमंत्री के वैचारिक मार्गदर्शक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से था, इस टिप्पणी को उचित ठहराने के लिए नितांत अपर्याप्त है। किसी टिप्पणी का मूल्यांकन उसके बारे में दी गई सफाई से नहीं, उसके संदर्भ, सामान्य अर्थ और सार्वजनिक प्रभाव से होता है। खरगे देश के प्रमुख विपक्षी दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे सरकार की नीतियों, प्रधानमंत्री के निर्णयों और वैचारिक दृष्टिकोण की कठोर आलोचना तथ्यों तथा तर्कों के आधार पर करने के लिए स्वतंत्र हैं, पर व्यक्तिगत अपमान को राजनीतिक हथियार बनाने के लिए नहीं, हालांकि इस तरह की टिप्पणियों को किसी एक दल या कांग्रेस की समस्या मानना भी ठीक नहीं। सोशल मीडिया पर गृहमंत्री, प्रधानमंत्री द्वारा पूर्व में की गई कुछ इसी तरह की टिप्पणियां दिखाई जा रही हैं, इन सभी की भाषा का मूल्यांकन एक ही लोकतांत्रिक कसौटी पर होना चाहिए। आलोचना का अधिकार असीमित है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान को राजनीतिक साहस और बाद में माफी को पर्याप्त प्रायश्चित मान लेना सार्वजनिक जीवन के नैतिक स्तर को कमजोर करता है।

प्रश्न यह नहीं कि किसने पहले मर्यादा तोड़ी, बल्कि यह है कि क्या एक पक्ष की अशोभनीय भाषा दूसरे पक्ष को वैसा ही आचरण करने का औचित्य देती है? यदि हर अनुचित टिप्पणी का उत्तर उससे अधिक तीखी टिप्पणी से दिया जाएगा, तो राजनीति में संवाद की जगह आरोपों और अपमान की प्रतिस्पर्धा ही बचेगी। तर्कपूर्ण भाषण की तुलना में अपमानजनक वाक्य अधिक तेजी से फैलता है। इस कारण कुछ नेता राजनीतिक प्रभाव का आकलन विचारों की गुणवत्ता से नहीं, अपनी टिप्पणी से पैदा हुए शोर के आधार पर करने लगे हैं। जो भाषा कभी राजनीतिक रूप से अगंभीर नेताओं की पहचान समझी जाती थी, उसका शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचना इस प्रवृत्ति का अधिक चिंताजनक पक्ष है।

शीर्ष नेताओं की भाषा कार्यकर्ताओं और युवा नेताओं के लिए आचरण का मानक बनती है। जब पार्टी अध्यक्ष ही व्यक्तिगत कटाक्ष का सहारा लेता है, तो उससे नीचे के स्तर पर संयम की अपेक्षा कमजोर पड़ती है। भारतीय राजनीति को परिपक्व बनाने की जिम्मेदारी सभी दलों के नेतृत्व, संस्थाओं और मतदाताओं की है। सत्ता पक्ष के हों या विपक्ष के नेता, ऐसे कृत्य के लिए सभी की आलोचना होनी चाहिये चाहिए। किसी को भी किसी का अपमान करने का विशेषाधिकार नहीं मिल सकता। लोकतंत्र में भाषा की मर्यादा विरोध को कमजोर नहीं करती, उसे विश्वसनीय बनाती है।