विशेष लेख : जन स्वास्थ्य पर मंडराता अदृश्य खतरा
शरीर में कैसे पहुंच रहा है जहरीला सीसा और क्या हैं इसके घातक नुकसान?
सीसा प्रदूषण (Lead Pollution) जन स्वास्थ्य और करोड़ों बच्चों के भविष्य के लिए एक बड़ा खतरा है। इसके स्रोत और नुकसान पर पढ़ें विशेष लेख।
भारत में सीसा प्रदूषण की चर्चा अभी उतनी नहीं होती, जितनी होनी चाहिए, जबकि इससे करोड़ों बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित होने का अंदेशा है।
संयुक्त राष्ट्र इस साल 18 से 24 अक्टूबर तक ‘अंतर्राष्ट्रीय सीसा जनित विषाक्तता रोकथाम सप्ताह’ मना रहा है। इसका मकसद लोगों को सीसे के खतरों के प्रति जागरूक करना और इसके संपर्क से बचने के तरीके बताना है। मकानों के पेंट, खिलौनों, सौंदर्य प्रसाधनों, खाद्य पदार्थों और बर्तनों के जरिये शरीर में पहुंचने वाला सीसा स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। मुश्किल यह है कि इसके दुष्प्रभाव हमेशा तुरंत दिखाई नहीं देते। जब तक उनका पता चलता है, तब तक नुकसान हो चुका हो सकता है।
भारत में सीसा प्रदूषण की चर्चा अभी उतनी नहीं होती, जितनी होनी चाहिए, जबकि इससे करोड़ों बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित होने का अंदेशा है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार सीसे के संपर्क का कोई ज्ञात सुरक्षित स्तर नहीं है। बच्चों के लिए यह खास तौर पर खतरनाक है, क्योंकि उनके मस्तिष्क का विकास जारी रहता है और सीसे का संपर्क इस प्रक्रिया को नुकसान पहुंचा सकता है। यूनिसेफ और प्योर अर्थ संगठन की 2020 में प्रकाशित रिपोर्ट द टॉक्सिक ट्रुथ में इस समस्या के व्यापक पैमाने का अनुमान लगाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर में लगभग 80 करोड़ बच्चों के खून में सीसे का स्तर प्रति डेसीलीटर पांच माइक्रोग्राम या इससे अधिक होने का अनुमान था। रिपोर्ट में भारत के करीब 27.5 करोड़ बच्चों के भी सीसे के संपर्क में होने का अनुमान लगाया गया। ये आंकड़े सभी बच्चों की जांच के नतीजे नहीं हैं, बल्कि उपलब्ध अध्ययनों और अनुमानों पर आधारित हैं। फिर भी इनसे समस्या के व्यापक होने का पता चलता है।
विशेषज्ञों के अनुसार सीसे का खतरा इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि हमारे आसपास मौजूद कई चीजों के जरिये यह शरीर में पहुंच सकता है। पुराने मकानों की दीवारों पर लगा सीसा युक्त पेंट, कई खिलौनों और सौंदर्य प्रसाधनों में मौजूद सीसा तथा असुरक्षित औद्योगिक गतिविधियां इसके संपर्क का कारण बन सकती हैं। पुरानी बैटरियों की असुरक्षित रीसाइक्लिंग करने वाली इकाइयों में काम करने वाले लोगों के साथ आसपास रहने वाले लोग भी खतरे में पड़ सकते हैं। ऐसी जगहों से निकलने वाली दूषित धूल और मिट्टी बच्चों के लिए खास तौर पर नुकसानदेह हो सकती है।
खाने-पीने की चीजों में सीसा मिलना खास तौर पर चिंताजनक है। भारत में हल्दी को अधिक चमकीला पीला रंग देने के लिए लेड क्रोमेट जैसे जहरीले पदार्थ मिलाए जाने के मामले सामने आए हैं। विभिन्न अध्ययनों के नतीजों ने इस समस्या की ओर ध्यान खींचा है। सीसे का नुकसान बच्चों तक सीमित नहीं है। यह शरीर में हीमोग्लोबिन बनने की प्रक्रिया में बाधा डाल सकता है और एनीमिया का जोखिम बढ़ा सकता है। लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से गुर्दों को नुकसान पहुंच सकता है, बीपी बढ़ सकता है और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
गर्भावस्था के दौरान सीसे का संपर्क गर्भस्थ शिशु के विकास को प्रभावित कर सकता है। इससे गर्भपात और समय से पहले प्रसव का जोखिम भी बढ़ सकता है। भारत में बड़ी संख्या में बच्चे कुपोषण और आयरन तथा कैल्शियम की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे बच्चों के लिए सीसे का खतरा और बढ़ सकता है, क्योंकि इन पोषक तत्वों की कमी होने पर शरीर सीसे को अधिक मात्रा में अवशोषित कर सकता है। यानी जिन बच्चों को पहले ही पर्याप्त पोषण नहीं मिल रहा, वे सीसे के संपर्क से होने वाले नुकसान के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं।
विशेषज्ञों की चिंता ये भी है कि सीसे के संपर्क से बच्चों की सीखने और समझने की क्षमता प्रभावित होने का अंदेशा है। इसका असर उनकी पढ़ाई और आगे चलकर रोजगार के अवसरों पर भी पड़ सकता है। नुकसान केवल बच्चे या उसके परिवार तक सीमित नहीं रहता। वैश्विक संगठन प्योर अर्थ ने भारत में सीसे के संपर्क से होने वाले बौद्धिक नुकसान के आधार पर आर्थिक उत्पादकता में भारी कमी का अनुमान लगाया है। इस तरह सीसा प्रदूषण स्वास्थ्य का ही नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और देश की अर्थ व्यवस्था से जुड़ा सवाल भी है।
देश में घरेलू और सजावटी पेंट में सीसे की मात्रा के लिए 90 पार्ट्स प्रति मिलियन (पीपीएम) की सीमा निर्धारित है। बैटरी अपशिष्ट के प्रबंधन के लिए भी नियम बनाए गए हैं, लेकिन नियम बनाना और उनका पालन कराना अलग-अलग बातें हैं। पेंट में तय सीमा से अधिक सीसा होने, बैटरियों की असुरक्षित रिसाइक्लिंग और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर कितनी प्रभावी निगरानी हो रही है, इसका पता नियमित जांच और सार्वजनिक किए जाने वाले आंकड़ों से ही चल सकता है, लेकिन इस बारे में जानकारी का अभाव है।
सीसे के कारण स्वास्थ्य के प्रति मंडराते खतरे को देखते हुए लोगों को सीसे के खतरों और सुरक्षित उत्पादों की पहचान के बारे में बताना जरूरी है, लेकिन सारी जिम्मेदारी उपभोक्ताओं पर नहीं डाली जा सकती। सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराना, उद्योगों की निगरानी करना, खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकना और प्रदूषण से प्रभावित लोगों तथा बस्तियों की पहचान करना सरकार और संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
