Professor Recruitment : प्रोफेसर भर्ती का बदला नियम, अब 75% प्रमोशन और 25% सीधी भर्ती
2019 के भर्ती नियमों में संशोधन, 781 स्वीकृत पदों में 25 फीसदी पर सीधी भर्ती; निजी संस्थानों के शिक्षकों पर भी पड़ेगा असर
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रोफेसर भर्ती नियम में संशोधन किया है। अब सरकारी कॉलेजों में प्रोफेसर के 75 प्रतिशत पद पदोन्नति और 25 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में प्रोफेसर पदों की भर्ती व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ शैक्षणिक सेवा (महाविद्यालयीन शाखा, राजपत्रित) भर्ती नियम-2019 में संशोधन करते हुए अब प्रोफेसर के 75 प्रतिशत पद पदोन्नति और 25 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से भरने का प्रावधान किया है। इससे पहले प्रोफेसर के 100 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाने का नियम था।
संशोधित व्यवस्था से सरकारी महाविद्यालयों में पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए प्रोफेसर बनने के पदोन्नति के अवसर बढ़ेंगे। वहीं, सीधी भर्ती के जरिए सरकारी कॉलेजों में प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध पद पहले की तुलना में कम हो जाएंगे।
343 सरकारी कॉलेजों में 781 पद स्वीकृत
प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत 343 शासकीय महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें प्रोफेसर के कुल 781 पद स्वीकृत हैं। नए नियम के अनुसार इन पदों में 75 प्रतिशत पद पदोन्नति और 25 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाएंगे। सीधी भर्ती छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा अथवा साक्षात्कार के जरिए होगी। वहीं, पदोन्नति विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) के माध्यम से की जाएगी।
प्रोफेसर पद के लिए उम्र सीमा भी निर्धारित
प्रोफेसर का पद प्रथम श्रेणी का है। सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 31 वर्ष और अधिकतम आयु 56 वर्ष निर्धारित है। विभिन्न श्रेणियों में मिलने वाली आयु छूट के बावजूद सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 61 वर्ष से अधिक नहीं होगी। राज्य गठन के बाद शासकीय महाविद्यालयों में प्रोफेसर पदों के लिए पहली बार वर्ष 2021 में 595 पदों पर सीधी भर्ती निकाली गई थी। हालांकि, करीब पांच साल बाद भी यह भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
पांच साल बाद भी 2021 की भर्ती अधूरी
सीजीपीएससी ने पिछले वर्ष इस भर्ती के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया था, लेकिन अभी तक पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी नहीं की गई है। इसके बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया भी पूरी होनी है। वर्ष 2021 की भर्ती में प्रोफेसर के सभी पद सीधी भर्ती से भरने का प्रावधान था। अब नियम बदलने के बाद सीधी भर्ती का हिस्सा घटकर 25 प्रतिशत रह गया है। ऐसे में आने वाले वर्षों में प्रोफेसर पदों पर सीधी भर्ती की रिक्तियां सीमित रहने की संभावना है।
निजी कॉलेजों के शिक्षकों के अवसर भी होंगे सीमित
नए नियम का असर निजी कॉलेजों और निजी विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर कार्यरत शिक्षकों पर भी पड़ सकता है। प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे शिक्षक हैं, जो प्रोफेसर पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अनुभव पूरा करने के बाद सरकारी महाविद्यालयों में सीधी भर्ती को प्रोफेसर बनने के अवसर के तौर पर देखते रहे हैं।
पहले प्रोफेसर के 100 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के लिए उपलब्ध थे, लेकिन संशोधित व्यवस्था में केवल 25 प्रतिशत पद ही इस माध्यम से भरे जाएंगे। इससे निजी शिक्षण संस्थानों में कार्यरत अनुभवी शिक्षकों के लिए सरकारी महाविद्यालयों में प्रोफेसर बनने के अवसर पहले की तुलना में सीमित हो सकते हैं। भर्ती नियमों में बदलाव के बाद सीधी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच भी इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-Gandhi Jayanti 2026 : CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- हमारे ग्राम स्वराज में परिवारवादी मॉडल की कोई जगह नहीं
