क्लासरूम से कट्टी, एआई से पट्टी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

तकनीक ने विद्यार्थियों के लिए ज्ञान तक पहुंचना आसान बनाया है, लेकिन सीखने की प्रक्रिया से दूर होना भी उतना ही सरल कर दिया है। एआई से नोट्स, असाइनमेंट और प्रस्तुतियां चंद क्षणों में तैयार हो जाती हैं। समय और मेहनत बचती है, लेकिन सवाल है कि विद्यार्थी वास्तव में शिक्षित हो रहा है या केवल औपचारिकताएं पूरी कर रहा है? कॉलेजों में घटती उपस्थिति और समय पर तैयार असाइनमेंट इस चिंता को बढ़ाते हैं। सामग्री तो उपलब्ध है, लेकिन विषय की समझ कितनी है? निस्संदेह, एआई उपयोगी साधन है, पर तकनीक क्षमताएं बढ़ाए, उन्हें निष्क्रिय नहीं करे।

क्लासरूम का कोई विकल्प नहीं है

कक्षा केवल चार दीवारों, ब्लैकबोर्ड, प्रोजेक्टर और कुछ कुर्सियों का नाम नहीं है। वह एक ऐसी जीवंत शैक्षणिक व्यवस्था है, जिसमें शिक्षक के अनुभव, विद्यार्थियों की जिज्ञासा, प्रश्नों की सहजता, विचारों का आदान-प्रदान और सामूहिक सीखने की प्रक्रिया एक साथ मिलकर विषय से संबंधित चिंतन एवं मनन को आकार देते हैं। पुस्तक से जानकारी मिल सकती है, इंटरनेट से तथ्य मिल सकते हैं और एआई से किसी कठिन अवधारणा की व्याख्या भी प्राप्त की जा सकती है, लेकिन कक्षा में होने वाली जीवंत अंतःक्रिया का विकल्प इनके पास नहीं है।

Learning via AI

एक शिक्षक विषय पढ़ाते समय केवल पाठ्यक्रम की जानकारी नहीं देता। वह विद्यार्थियों के चेहरे पर उभरते असमंजस को पढ़ता है, किसी प्रश्न के पीछे छिपी जिज्ञासा को पहचानता है और आवश्यकता पड़ने पर एक ही अवधारणा को अलग-अलग उदाहरणों से समझाता है। कभी-कभी पाठ्यक्रम से इतर कही गई कोई बात विद्यार्थी के जीवन की दिशा बदल देती है।

कक्षा में किसी सहपाठी का प्रश्न भी ऐसी अवधारणा स्पष्ट कर सकता है, जिसे विद्यार्थी अकेले पढ़ते हुए समझ नहीं पाया हो। यह संवाद, यह सहजता और यह सामूहिक बौद्धिक वातावरण शिक्षा की आत्मा हैं। एआई किसी प्रश्न का उत्तर दे सकता है, लेकिन विद्यार्थी में प्रश्न पूछने की आदत कदापि नहीं विकसित कर सकता। इसलिए कक्षा में उपस्थित होना केवल उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर कराने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपनी बौद्धिक क्षमताओं को विकसित करने का अवसर है। इस अवसर को स्वयं ही छोड़ देना, सीखने की संभावनाओं को सीमित करना है।

एआई का सीमित उपयोग करें

भोजपुरी में एक कहावत है-“सटला त गइला”। इसका आशय है कि किसी के अत्यधिक करीब जाने या उस पर जरूरत से ज्यादा निर्भर होने से व्यक्ति स्वयं मुश्किल में पड़ सकता है। एआई के संदर्भ में भी यह कहावत एक महत्वपूर्ण सावधानी देती है। तकनीक से इतना न सट जाइए कि अपनी सोच, मेहनत और मौलिकता ही उससे दूर हो जाए।

एआई का उपयोग करना गलत नहीं है। किसी जटिल सिद्धांत को सरलता से समझना हो, अध्ययन की रूपरेखा बनानी हो या लिखे हुए उत्तर की भाषा सुधारनी हो, तो यह प्रभावी सहायक साबित हो सकता है। समस्या तब पैदा होती है, जब विद्यार्थी स्वयं विचार करने के बजाय पूरा असाइनमेंट एआई से तैयार करवाकर जमा कर देता है। इससे काम तो पूरा हो जाता है, लेकिन समझ, लेखन क्षमता, तार्किकता और शोध की आदत विकसित होने का अवसर छूट जाता है।

विद्यार्थियों को समझना होगा कि एआई से सहायता लेना और उस पर निर्भर होकर पढ़ाई करना दो अलग-अलग बातें हैं। यदि विद्यार्थी पहले स्वयं अध्ययन करे, फिर एआई से अपनी समझ की पुष्टि करे और अंततः अपने शब्दों में उत्तर लिखे, तो तकनीक उसकी क्षमता बढ़ाती है। इसके विपरीत, तैयार उत्तर को बिना समझे अपना काम मान लेना निर्भरता बढ़ाता है।

यह समय फिर लौटकर नहीं आएगा

विद्यार्थी जीवन वह पड़ाव है, जहां व्यक्ति केवल विषयों का ज्ञान अर्जित नहीं करता, बल्कि अपने व्यक्तित्व की नींव भी तैयार करता है। कॉलेज के वर्ष नौकरी, व्यवसाय, शोध और सामाजिक जीवन में काम आने वाली क्षमताओं को विकसित करने का अवसर देते हैं। इन वर्षों का महत्व केवल डिग्री हासिल करने में नहीं, बल्कि समझदार, आत्मविश्वासी, संवेदनशील और जिम्मेदार बनने में भी है। कक्षा में नियमित आने से अनुशासन विकसित होता है, प्रश्न पूछने से संकोच दूर होता है और वाद-विवाद में भाग लेने से तर्कशक्ति तथा अभिव्यक्ति बेहतर होती है। समूह में काम करने, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सेमिनार और कार्यशालाओं में भाग लेने से सहयोग, नेतृत्व और निर्णय क्षमता जैसे गुण विकसित होते हैं। दूसरों की बात सुनना और असहमति को शालीनता से व्यक्त करना भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। कोचिंग और ऑनलाइन माध्यम परीक्षा की तैयारी में सहायक हो सकते हैं, लेकिन कॉलेज के व्यापक शैक्षणिक और सामाजिक अनुभवों का विकल्प नहीं बन सकते। यहां विभिन्न पृष्ठभूमियों के लोगों से संवाद करने, अपनी प्रतिभा पहचानने और रुचियों को नई दिशा देने का अवसर मिलता है। आज एआई से नोट्स मिलने और परीक्षा के समय पढ़ लेने के भरोसे कक्षाएं छोड़ने वाले विद्यार्थियों को समझना चाहिए कि छूटा हुआ व्याख्यान केवल कुछ पन्नों की कमी नहीं, बल्कि एक विचार, संवाद या अनुभव का नुकसान भी हो सकता है। कॉलेज का जीवन केवल भविष्य की तैयारी नहीं, वर्तमान को सार्थक बनाने का भी समय है। इसे महज उपस्थिति और डिग्री तक सीमित करना अपने विकास की संभावनाओं को छोटा करना है।

शिक्षण संस्थानों के द्वारा बरती जाए सख्ती

विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी केवल उनकी व्यक्तिगत इच्छा पर नहीं छोड़ी जा सकती। शैक्षणिक संस्थानों को भी उपस्थिति की निगरानी, शिक्षण की गुणवत्ता और विद्यार्थियों से संवाद के बीच संतुलन बनाना होगा। न्यूनतम उपस्थिति के नियमों का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करने के साथ लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को पहले परामर्श दिया जाना चाहिए और जरूरत पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई भी होनी चाहिए। हालांकि  केवल उपस्थिति अनिवार्य करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। कक्षाओं को रोचक, संवादपरक और उपयोगी बनाना भी जरूरी है, ताकि विद्यार्थी वहां आना मजबूरी नहीं, अपनी आवश्यकता समझें। प्रश्नोत्तर, समूह चर्चा, परियोजना आधारित अध्ययन और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाई जा सकती है। असाइनमेंट भी ऐसे हों, जो विद्यार्थियों की विश्लेषण क्षमता, मौलिक सोच और अपने विचार प्रस्तुत करने की योग्यता को विकसित करें।

एआई के बढ़ते उपयोग के बीच विद्यार्थियों को तकनीक के जिम्मेदार इस्तेमाल, तथ्य सत्यापन, स्रोतों की जांच और शैक्षणिक ईमानदारी का महत्व समझाना होगा। मौखिक प्रस्तुतियों, कक्षा में समस्या समाधान और परियोजनाओं पर प्रत्यक्ष चर्चा से वास्तविक सीखने का आकलन किया जा सकता है।

सवाल एआई और क्लासरूम में से किसी एक को चुनने का नहीं, बल्कि दोनों की उचित भूमिका तय करने का है। तकनीक सीखने में सहायता कर सकती है, शिक्षक मार्गदर्शन दे सकता है और संस्थान अवसर उपलब्ध करा सकते हैं, लेकिन सीखने की जिम्मेदारी विद्यार्थी को ही निभानी होगी।

शिशिर शुक्ला, विभागाध्यक्ष भौतिकी विभाग, स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय मुमुक्षु आश्रम, शाहजहांपुर

संबंधित समाचार